विराट कोहली, शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ
- फोटो : अमर उजाला
टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम दो मैचों में दो जीत के साथ ग्रुप-2 में शीर्ष पर है। सुपर-12 में उसका तीसरा मुकाबला रविवार (30 अक्तूबर) को दक्षिण अफ्रीका से होगा। दोनों टीमें पर्थ में आमने-सामने होंगी। इसी मैदान पर चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की टीम भी अपना मैच रविवार को ही खेलेगी। उसके सामने नीदरलैंड की चुनौती होगी। भारत और पाकिस्तान की टीमें मुकाबले के लिए पर्थ में हैं। इस दौरान पूर्व कप्तान विराट कोहली की मुलाकात कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हुई, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।
विराट कोहली ने सुपर-12 में भारत के पहले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ यादगार पारी खेली थी। उन्होंने विपक्षी टीम के सभी गेंदबाजों को जमकर कूटा था। पर्थ में उनसे मिलने पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ पहुंचे। इस दौरान तीनों ने कुछ देर तक बात की। खिलाड़ियों के बीच हंसी-मजाक का भी माहौल था।
ये भी पढ़ें: IND vs SA Playing-11: पर्थ में रबाडा-नोर्त्जे के सामने टीम इंडिया की असली परीक्षा, ये हो सकती है प्लेइंग-11
कोहली ने मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 82 रन बनाए थे। 19वें ओवर में हारिस रऊफ की गेंद पर उनके दो छक्के सभी क्रिकेट प्रेमियों को याद हैं। कोहली ने ओवर की पांचवीं गेंद पर सामने की ओर छक्का मारा था। वहीं, छठी गेंद पर फाइन लेग पर फ्लिक करके एक छक्का लगाया था। इन दो छक्कों ने मैच को पलट दिया था। आखिरी ओवर में टीम इंडिया को 16 रन बनाने थे। उसने मोहम्मद नवाज की गेंद पर टीम ने बना लिए।
ये भी पढ़ें: IND vs SA Weather Report: क्या भारत-दक्षिण अफ्रीका के मैच में भी बारिश बनेगी विलेन, जानें कैसा रहेगा मौसम?
पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ मैच हारने के बाद जिम्बाब्वे से भी हार गई। उसे अपने दूसरे मैच में एक रन से शिकस्त मिली थी। लगातार दो हार के बाद पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट से बाहर होने के कगार पर है। उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने बाकी बचे तीनों मैच जीतने होंगे। नीदरलैंड के बाद उसका मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश से होगा। तीनों मैच में जीत के अलावा पाकिस्तान को अन्य टीमों के प्रदर्शन पर भी नजर रखनी होगी।