टी-20 विश्व कप का आगाज हो चुका है। भारत अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। यह मैच 24 अक्तूबर को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए दो बड़ी परेशानी वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या की फिटनेस है। फिलहाल मेडिकल टीम इन दोनों पर जमकर मेहनत कर रही है। दोनों ही भारत के इस अभियान के स्टार खिलाड़ी हैं।
वरुण फिलहाल घुटने में दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं, हार्दिक कमर के ऑपरेशन के बाद से गेंदबाजी के लिए फिट नहीं हो सके हैं। इस विश्व कप में मिस्ट्री स्पिनर नाम से मशहूर वरुण का रोल काफी अहम होगा। टीम उन्हें अहम मुकाबलों में ट्रम्प कार्ड की तरह इस्तेमाल कर सकती है। इसका खुलासा खुद बीसीसीआई के एक अधिकारी ने किया है।
अधिकारी ने न्यूज एजेंसी से बताया कि टीम मैनेजमेंट लगातार मेडिकल टीम से संपर्क में है। वरुण को फिट रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। टीम मैनेजमेंट चाहता है कि वरुण पाकिस्तान और न्यूजीलैंड जैसे अहम मुकाबलों के लिए फिट रहें। पाकिस्तान ने तो अब तक वरुण का सामना नहीं किया है। ऐसे में उनकी स्पिन कारगर साबित हो सकती है।
अधिकारी ने बताया- वरुण टी-20 फॉर्मेट के मैच विनर हैं। टीम को पता है उनके चार ओवर मैच का पासा पलट सकता है। मेडिकल टीम फिलहाल उन पर काम कर रही है और वरुण भी इसमें काफी मदद कर रहे हैं। वह एक ट्रम्प कार्ड हैं और कप्तान विराट कोहली भी उनका वैसे ही इस्तेमाल करेंगे। हो सकता है कि वरुण को हर मैच में नहीं खिलाया जाए, क्योंकि उनका घुटना 100 फीसदी ठीक नहीं हुआ है। हालांकि, ज्यादातर मैचों में उन्हें मौका दिया जाएगा।
श्रीलंका दौरे के दौरान गेंदबाजी करते वरुण
- फोटो : सोशल मीडिया
अधिकारी ने बताया- वरुण का इस्तेमाल टूर्नामेंट के जरूरी मैचों में ही किया जाएगा। जो मैच टीम इंडिया के लिए जीतना एकदम जरूरी हो, वरुण वह मैच खेलेंगे। आप इन मैचों में उनकी शानदार स्पिन देख सकते हैं। अगर टीम अच्छा कर रही है और उन्हें आराम मिल सकता है, तो टीम यही करेगी। इस मामले में रोहित शर्मा और विराट कोहली को गाइड करने के लिए एमएस धोनी और रवि शास्त्री मौजूद हैं।
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ओपनिंग मैच से पहले लगातार दो वार्म अप मैचों में जीत हासिल की। भारत ने इंग्लैंड को सात विकेट से और ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराया। वहीं, पाकिस्तान की टीम दो में से सिर्फ एक वार्म अप मैच जीत सकी। पहले में उन्होंने विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज को हराया। वहीं, दूसरे में दक्षिण अफ्रीकी टीम के हाथों पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।