टी-20 विश्व कप: बांग्लादेश vs पापुआ न्यू गिनी
- फोटो : सोशल मीडिया
टी-20 विश्व कप के क्वालीफायर मुकाबले में बांग्लादेश ने पापुआ न्यू गिनी (पीएनजी) को हराकर सुपर-12 राउंड के लिए क्वालीफाई कर लिया है। गुरुवार को खेले गए मैच में बांग्लादेश ने पीएनजी को 84 रनों के बड़े अंतर से हराया।
इस जीत के साथ टीम ग्रुप-बी के अंक तालिका में तीन में से दो मैच जीतकर पहले स्थान पर पहुंच गई है। अभी फिलहाल ओमान और स्कॉटलैंड के बीच मुकाबला जारी है। इनके नतीजे के बाद इस ग्रुप से सुपर-12 में पहुंचने वाली टीमों पर फैसला आ जाएगा।
ग्रुप-बी में टॉप पर रहने वाली टीम भारत के ग्रुप में जाएगी
ग्रुप-बी में टॉप पर रहने वाली टीम भारत के ग्रुप में जाएगी। बांग्लादेश फिलहाल टॉप पर है। अगर ओमान की टीम स्कॉटलैंड को हरा देती है तो बांग्लादेश की टीम ग्रुप में पहले स्थान पर रहेगी और भारत के ग्रुप में क्वालीफाई करेगी।
वहीं, अगर स्कॉटलैंड ओमान को हरा देता है, तो वह पहले स्थान पर रहते हुए सुपर-12 और भारत के ग्रुप में क्वालीफाई करेगा। ओमान के जीतने पर वह सुपर-12 में दूसरे ग्रुप के लिए क्वालीफाई करेगा। वहीं, स्कॉटलैंड के जीतने पर बांग्लादेश दूसरे ग्रुप के लिए क्वालीफाई करेगा।
शाकिब और महमूदुल्लाह की शानदार बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 20 ओवर में सात विकेट पर 181 रन का स्कोर बनाया। शून्य पर पहला विकेट गिरने के बाद लिट्टन दास और शाकिब अल हसन ने पारी संभाली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी हुई। लिट्टन 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
टी-20 विश्व कप 2021 की सबसे तेज फिफ्टी
शाकिब भी 46 रन बनाने के बाद असद वाला का शिकार बने। उन्होंने 37 गेंदों की अपनी पारी में तीन छक्के लगाए। इसके बाद कप्तान महमूदुल्लाह और अफीफ हुसैन ने मिलकर रन गति को बढ़ाया। महमूदुल्लाह ने सिर्फ 27 गेंदों पर 50 रन जड़ दिए। यह इस टी-20 विश्व कप 2021 की अब तक की सबसे तेज फिफ्टी है। हालांकि, इसकी अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए। अपनी पारी में महमूदुल्लाह ने तीन चौके और तीन छक्के लगाए।
अफीफ 21, नूरुल हसन (0), सैफुद्दीन छह गेंदों पर नाबाद 19 रन और मेंहदी हसन दो रन बना सके। पापुआ न्यू गिनी की ओर से काबुआ मोरिया, डेमेन रावू और असद वाला ने दो-दो विकेट लिए। सिमोन अताई ने एक विकेट लिया।
पापुआ न्यू गिनी की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखरी
182 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पापुआ न्यू गिनी की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। एक के बाद एक कई विकेट गिरते रहे और टीम 19.3 ओवर में 97 रन पर सिमट गई। पीएनजी की टीम के नौ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज किप्लिन डोरिगा ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से शाकिब ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, सैफुद्दीन और तास्किन अहमद को दो-दो विकेट मिले। मेंहदी ने एक विकेट झटका।