तीनों मैच जीतेगी की टीम
मैच के बाद प्रजेंटेशन सेरेमनी के दौरान श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने कहा, तीनों मुकाबलों को जीतकर हम बेहतर स्थिति में रहेंगे, इससे मुख्य टूर्नामेंट में हमें परिस्थितियों के अनुकूल होने में मदद मिलेगी। इस दौरान श्रीलंकाई कप्तान ने युवा गेंदबाज महीश यीक्षना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा महीश रहस्यमय स्पिनर अजंता मेंडिस के साथ प्रैक्टिस करते हैं जिसके लाभ उन्हें मिला है। अपना दूसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच खेल रहे महीश ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट लिए थे। कप्तान ने आगे कहा, महीश का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है, वह अजंता के साथ अभ्यास करते हैं और आने वाले समय में उनसे काफी उम्मीदें हैं।
श्रीलंका ने दी सात विकेट से मात
अबू धाबी में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग की। बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की टीम कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई और उसके बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होते रहे। नामीबिया की टीम निर्धारित 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और पूरी टीम 19.3 ओवर में महज 96 रनों पर ढेर हो गई। 97 रनों का लक्ष्य हासिल करने उतरी श्रीलंका की टीम ने 13.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर पूरा कर लिया। शर्मनाक हार से निराश नामीबिया के कप्तान एरार्ड इरास्मस ने कहा, मैच हारने के बाद भी उनकी टीम सकारात्मकता के बारे में सोचेगी। उनके मुताबिक, हमें फिर से एकजुट होना होगा क्योंकि अभी दो बहुत महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाना बाकी हैं, मुझे लगता है कि श्रीलंका के पास बेहतरीन गेंदबाजी अटैक है, हम केवल 96 रन बना सके ऐसे में टीम के बल्लेबाजों को बेहतर योगदान देना होगा।