इंग्लैंड में टी20 ब्लास्ट 2022 टूर्नामेंट अब अपने अंतिम चरण में है। शनिवार (नौ जुलाई) को चौथा क्वार्टरफाइनल मैच समरसेट और डर्बीशायर के बीच खेला गया। इस मैच में कई रिकॉर्ड बने। समरसेट ने रनों के हिसाब से इंग्लैंड में घरेलू टी20 मैच में सबसे बड़ी जीत हासिल की है। वहीं, उसने घरेलू टी20 मैच में सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। समरसेट ने डर्बीशायर को रिकॉर्ड 191 रनों से हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया।
डर्बीशायर के कप्तान हैरी कैम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनका यह निर्णय गलत साबित हुआ। इंग्लैंड के विल समीड और टॉम बैंटन ने पहले विकेट के लिए 5.1 ओवर में 49 रन जोड़ दिए। समीड 18 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हुए। उनके पवेलियन लौटने के बाद दक्षिण अफ्रीका के रिले रॉसो क्रीज पर आए। रॉसो ने बैंटन के साथ मिलकर डर्बीशायर के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की।
रॉसो और बैंटन ने की शतकीय साझेदारी
रॉसो और बैंटन ने 13.3 ओवर तक टीम का स्कोर 151 रन तक पहुंचा दिया। बैंटन 41 गेंद पर 73 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और छह छक्के लगाए। बैंटन का स्ट्राइक रेट 178.05 का रहा। उन्होंने रॉसो के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी की। बैंटन के बाद समरसेट के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे, लेकिन दूसरे छोर पर रॉसो ने अपनी तूफानी पारी जारी रखी।
रॉसो ने स्पिनर मैकीइरनैन को धोया
रॉसो ने स्पिनर मैटी मैकीइरनैन के ओवर में 34 रन बनाए। इस दौरान पांच छक्के और एक चौका लगाया। इस ओवर में मैकीइरनैन ने दो नो-बॉल भी दिए। इस तरह ओवर में कुल 36 रन बने। रॉसो ने पहली और दूसरी गेंद पर छक्का लगाया। तीसरी गेंद पर चौका आया। चौथी गेंद आठ रन बने। इसमें दो नो-बॉल और एक छक्का शामिल है। उसके बाद रॉसो ने लगातार तीन छक्के उड़ाए।
मैकीइरनैन ने दिए 82 रन
मैकीइरनैन ने चार ओवर में 82 रन लुटाए। यह पुरुष टी20 में किसी गेंदबाज द्वारा एक मैच में दिए गए सबसे ज्यादा रन हैं। समरसेट ने अपनी पारी में कुल 40 बाउंड्री लगाए। इनमें 18 छक्के और 22 चौके शामिल हैं। समरसेट ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 265 रन बनाए। उसने बर्मिंघम बीयर्स के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। बर्मिंघम ने इसी साल नॉटिंघमशायर के खिलाफ दो विकेट पर 261 रन बनाए थे।
डर्बीशायर 74 रन पर ऑलआउट
समरसेट ने इसके बाद डर्बीशायर को 11.2 ओवर में 74 रन पर समेट दिया। ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज पीटर सिडल ने समरसेट के लिए दो ओवर में 10 रन देकर तीन विकेट लिए। बेन ग्रीन ने 2.2 ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट झटके। लेविस ग्रेगरी ने दो विकेट लिए। समरसेट का मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल में 16 जुलाई को हैंपशायर के खिलाफ होगा।