इंडियन प्रीमियर लीग 2021 में मुंबई इंडियंस का सफर खत्म होने के बाद रोहित शर्मा समेत टीम के अन्य खिलाड़ी मंगलवार को दुबई में भारतीय क्रिकेट टीम के होटल में प्रवेश करेंगे। मुंबई इंडियंस की टीम में से हिटमैन रोहित के अलावा हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, राहुल चाहर और जसप्रीत बुमराह भारत की टी-20 विश्व कप टीम में शामिल है्ं। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि ऐसे में टीम प्रबंधन की नजरें हार्दिक पर होंगी। मौजूदा समय में वह पूरी तरह फिट नहीं हैं जिसके चलते आईपीएल में गेंदबाजी नहीं की। ऐसे में हार्दिक के पास टीम का अभियान शुरू होने से पहले पूरी तरह फिट होने के लिए दो सप्ताह का समय है। टी-20 विश्व कप में भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान से है जो 24 अक्तूबर को खेला जाएगा।
Th8 पाम' होटल में रुकेंगे खिलाड़ी
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, टीम प्रबंधन ने इस बात की पुष्टि की है कि मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी Th8 पाम होटल में रुकेंगे। मौजूदा समय में इस होटल में एमएस धोनी की चेन्नई सुपर किंस्स टीम रुकी हुई है। माही की अगुवाई वाली सीएसके की टीम ने रविवार को पहले क्वालीफायर में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर आईपीएल 2021 के फाइनल में पहुंची है। अब फाइनल में चेन्नई का मुकाबला दिल्ली कैपिल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले जाने वाले मैच के विजेता से होगा।
टीम प्रबंधन लेगा फैसला
इस दौरान जब सूत्र से पूछा गया क्या हार्दिक विश्व कप में फिनिशर के तौर पर उतरेगें तो उन्होंने कहा इस पर टीम प्रबंधन की तरफ से अभी फैसला लिया जाना बाकी है, सूत्र ने आगे कहा कि टी-20 विश्व कप में इस बार महेंद्र सिंह धोनी मेंटोर के रूप में जुड़े हैं तो निश्चित तौर पर बेहतर फैसला लिया जाएगा।
पाकिस्तान के खिलाफ रहा हार्दिक का दमदार प्रदर्शन
हार्दिक पांड्या का आईसीसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान के विरुद्ध अब तक बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। साल 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में उन्होंने पाकिस्तान के विरुद्ध 43 गेंदों पर 76 रनों की आतिशी पारी खेली थी। हालांकि भारत को इस खिताबी मुकाबले में हार मिली थी। इसके बाद 2019 क्रिकेट विश्व कप भी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 16 गेंदों पर 26 रन बनाने के अलावा दो विकेट भी लिए थे।