आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप की शुरुआत में एक महीने का समय बाकी है। ऐसे में श्रीलंका क्रिकेट टीम के लिए बहुत अच्छी खबर नहीं है। उसके स्टार बल्लेबाज कुशल परेरा चोटिल हो गए हैं। हैमस्ट्रिंग चोट के बाद अब उनका टी-20 वर्ल्ड कप में खेलना संदिग्ध है। परेरा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। विश्व कप में श्रीलंका अपना पहला मैच 18 अक्तूबर को नामीबिया के खिलाफ खेलेगा।
मैच के दौरान चोटिल हुए परेरा
श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा तीसरे मैच के दौरान उस वक्त चोटिल हो गए जब वह रन ले रहे थे। उन्होंने इस मैच में 39 रनों की पारी खेली थी। ईएसपीएनक्रिकेटइंफो से बात करते हुए श्रीलंका क्रिकेट टीम के फिजीशियन डॉ दामिंडा अट्टानायके ने कहा, चोट धावक की एक चोट है, जो विकेट के बीच तेज दौड़ लगाते हुए लग सकती है, चोट की प्रकृति के कारण हम उसमें तेजी से सुधार नहीं कर सकते। इसी मैच में क्षेत्ररक्षण के दौरान कॉलरबोन फ्रैक्चर के दौरान ऑलरांडर लाहिरू मदुशंका विश्व कप से बाहर हो गए।
रविवार को हुआ था टीम का एलान
बीते रविवार को श्रीलंका क्रिकेट ने टी-20 विश्व कप के लिए 15 सदस्सीय दल की घोषणा की थी। विश्व कप टीम का कप्तान दासुन शनाका को बनाया गया है। श्रीलंका ग्रुप ए में है और वह अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 18 अक्तूबर को नामीबिया के खिलाफ अबू धाबी में खेले जाने वाले मैच से करेगा। श्रीलंकाई टीम विश्व कप में भाग लेने के लिए 3 अक्तूबर को ओमान रवाना होगी।
ओमान के खिलाफ श्रीलंका खेलेगा दो मैच
श्रीलंका क्रिकेट ने कहा कि सात और नौ अक्टूबर को ओमान के खिलाफ खेले जाने वाले दो मैच मेहमान टीम को आगामी टी20 विश्व कप की तैयारी के लिए मददगार होंगे। इन दो मैचों के बाद श्रीलंका की टीम विश्व कप में अपना अभियान शुरू करने से पहले 12 और 14 अक्तूबर को वार्म-अप मैच भी खेलेगी।