पहले दिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे।
- फोटो : सोशल मीडिया
दिल्ली की प्रदूषित हवा में सैयद मुश्ताक अली राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप के प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले सोमवार से खेले जाएंगे जिनमें देश के 66 शीर्ष घरेलू क्रिकेटर भाग लेंगे।
सोमवार को दिल्ली का सर्वोच्च 'एयर क्वालिटी इंडेक्स' (एक्यूआई) 349 था जो खतरनाक श्रेणी में आता है और यह शाहदरा इलाके में दर्ज किया गया। प्री क्वार्टर फाइनल फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले जाएंगे जो केंद्रीय दिल्ली में है जहां एक्यूआई 249 है लेकिन बेहतर होने के बावजूद यह स्वास्थ्य के लिए सही नहीं है।
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के एक सीनियर अधिकारी ने कहा- पिछले सप्ताह की तुलना में हालात बेहतर हैं और ऐसे कोई संकेत नहीं हैं कि मैच स्थगित होंगे। कोटला में एक मैच सुबह और एक शाम को होगा।
विदर्भ के खिलाफ महाराष्ट्र को ऋतुराज गायकवाड़ की कमी खलेगी जो भारतीय टीम को सेवाएं देंगे। लीग चरण में महाराष्ट्र की जीत के सूत्रधार रहे गायकवाड़ ने आईपीएल वाला फॉर्म कायम रखा। वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
ऋतुराज की गैर मौजूदगी में केदार जाधव और जौशाद शेख पर बड़ा स्कोर बनाने की जिम्मेदारी होगी। चोट के कारण लीग चरण से बाहर रहे राहुल त्रिपाठी खेल पाते हैं तो महाराष्ट्र के लिए अच्छा होगा। गेंदबाजी में बायें हाथ के स्पिनर सत्यजीत बछाव की भूमिका अहम होगी। लीग चरण में अपराजेय रही विदर्भ की टीम उस लय को कायम रखना चाहेगी।
इसके लिए स्पिनर अक्षय कर्णेवार को जिम्मेदारी लेनी होगी चूंकि उमेश यादव भारतीय टीम को सेवाएं देंगे। मैच सुबह साढे आठ बजे से खेला जाएगा। बाकी प्री क्वार्टर फाइनल में हिमाचल का सामना पालम वायुसेना मैदान पर केरल से होगा जबकि कर्नाटक और सौराष्ट्र अरुण जेटली स्टेडियम पर एक बजे से खेलेंगे।