भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन की आलोचना की है। गावस्कर ने वॉन के उस बयान को लेकर उन पर निशाना साधा है जिसमें वॉन ने कहा था कि रूट के पास सचिन तेंदुलकर का टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने के रिकॉर्ड को तोड़ने की क्षमता है। वॉन ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में कहा था कि रूट कुछ ही समय में सचिन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इस भारतीय खिलाड़ी के रिकॉर्ड को बचाए रखने के लिए अपनी शक्ति का पूरा प्रयोग करेगा।
सचिन के रिकॉर्ड पर चल रही चर्चा
इंग्लिश मीडिया में रूट के सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने की चर्चा काफी चल रही है। पिछले सप्ताह वॉन ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि रूट का सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने से टेस्ट क्रिकेट में साजिश बढ़ जाएगी। इसका संकेत था कि बीसीसीआई इस रिकॉर्ड को बचाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। हालांकि, वॉन का यह बयान गावस्कर को पसंद नहीं आया जिन्होंने इस भारत की आलोचना के रूप में देखा। गावस्कर ने इस बात को भी सिरे से खारिज कर दिया कि भारतीय क्रिकेट टेस्ट को प्राथमिकता नहीं देता और इन आरोपों को निराधार बताया।
गावस्कर ने कहा, मैं अपने 50 साल से अधिक के अनुभव से यह कह सकता हूं कि ना सिर्फ भारतीय दर्शक उस वक्त चुप हो जाते हैं जब उनकी टीम बेहतर प्रदर्शन नहीं करती, बल्कि दुनिया में किसी भी टीम के प्रशंसक इस स्थिति में ऐसा ही करते हैं। अगर आवज गूंजती है तो वो तब जब भारत विदेश में बेहतर प्रदर्शन करता है। ऐसा इसलिए क्योंकि कई भारतीय समर्थक लंबी यात्रा करते हैं और अपनी टीम का समर्थन करने के लिए आते हैं। जब अगली बार कुछ कमेंटेटर या विदेशी मीडिया के लोग इस बारे में सवाल करें कि भारत के अच्छा प्रदर्शन नहीं करने से भारतीय समर्थक चुप क्यों हो जाते हैं तो उनसे पूछा जाना चाहिए कि उनकी टीम के प्रशंसक क्यों उनका समर्थन करने नहीं आते। भारत की आलोचना के इस व्यवसाय का आक्रामकता से जवाब देना होगा क्योंकि यही एकमात्र भाषा है जिसे वे समझते हैं।
'हमें बताएं किस तरह बेहतर होगा टेस्ट क्रिकेट'
उन्होंने एक कॉलम में लिखा, हाल में ही में मैंने सुना कि किसी ने कहा है कि अगर जो रूट टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन और शतक बनाने का सचिन का रिकॉर्ड तोड़ते हैं तो यह टेस्ट क्रिकेट के लिए अच्छा होगा। हमें कृपया करके बताएं कि फिलहाल टेस्ट क्रिकेट में क्या गलत हो रहा है जब यह रिकॉर्ड सचिन के नाम है और किसी इंग्लिश बल्लेबाज के नाम यह रिकॉर्ड होने से किस तरह टेस्ट क्रिकेट बेहतर होगा? हमें इस बारे में जानकारी दें।
डब्ल्यूटीसी फाइनल का स्थान बदलने पर ली चुटकी
गावस्कर ने कहा कि उन्हें इस बारे में इंतजार करना चाहिए कि क्या 2025 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल मैच का आयोजन स्थल लॉर्ड्स से स्थानांतरित होगा या नहीं। उन्होंने लिखा, आईसीसी ने हाल ही में घोषणा की थी कि डब्ल्यूटीसी का फाइनल अगले साल जून में लॉर्ड्स में खेला जाएगा। हालांकि, हमने ये घोषणा पहले भी दो बार सुनी थी, लेकिन जैसे ही यह पता चला कि इंग्लैंड डब्ल्यूटीसी के फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाया, वैसे ही आयोजन स्थल बदलकर साउथैंप्टन या लंदन के द ओवल में किया गया।