स्टोक्स ने नेट्स में गेंदबाजी करते हुए एक वीडियो शेयर किया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने जल्द ही क्रिकेट में वापसी के संकेत दिए हैं। मानसिक तनाव और उंगली की चोट से जूझ रहे स्टोक्स ने अनिश्चित समय के लिए क्रिकेट से दूरी बनाई थी। अब उन्होंने नेट्स में गेंदबाजी करते हुए एक वीडियो शेयर किया है, जिसके बाद उनकी वापसी के कयास लगाए जा रहे हैं। इंग्लैंड के फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि स्टोक्स ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली एशेज सीरीज से पहले मैच के लिए फिट हो जाएंगे और इस सीरीज में इंग्लैंड के लिए खेलते दिखेंगे।
2019 वर्ल्डकप के हीरो रहे बेन स्टोक्स ने इसी साल की शुरुआत में क्रिकेट से अनिश्चित समय के लिए ब्रेक लिया था। इस दौरान उन्होंने अपने मानसिक स्वास्थ्य और उंगली की चोट पर ध्यान दिया। अब यह ऑलराउंडर दोनों परेशानियों से उबर चुका है और इंग्लैंड के लिए वापसी करने को तैयार है। इस ब्रेक के चलते स्टोक्स इस साल आईपीएल की दूसरे फेज और द हंड्रेड क्रिकेट लीग में नहीं खेले थे। भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी इंग्लैंड को स्टोक्स की कमी खलेगी और इस साल टी-20 वर्ल्डकप में भी वो इंग्लैंड के लिए नहीं खेलेंगे।
पहले बैटिंग करते हुए शेयर किया था वीडियो
बेन स्टोक्स ने इससे पहले भी एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वो बल्लेबाजी करते नजर आ रहे थे। इस समय उन्होंने बताया था कि पिछले कुछ महीनों में वो पहली बार ठीक से बैट पकड़ पा रहे हैं। ब्रेक लेने से पहले उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में इंग्लैंड की कप्तानी की थी और द हंड्रेड के शुरुआती मैच भी खेले थे। इंग्लैंड के फैंस को उम्मीद है कि स्टोक्स एशेज सीरीज में अपनी टीम के लिए खेलेंगे। हालांकि शुरुआती टीम में उनका नाम नहीं है, लेकिन टीम के हेड कोच क्रिस सिल्वरवुड ने उनके लिए टीम के दरवाजे खुले रखे हैं। इंग्लैंड के जो खिलाड़ी टी-20 वर्ल्डकप का हिस्सा नहीं हैं वो 4 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो जाएंगे। यहां 8 दिसंबर से एशेज सीरीज शुरू होगी।