स्पॉट फिक्सिंग में धरे गए क्रिकेटर अंकित चव्हाण की आज शादी होने वाली है। उन्हें शादी के लिए कोर्ट ने 6 जून तक की जमानत दी है।
चव्हाण की शादी में 400 मेहमानों की आने की संभावना है और इस दौरान पुलिस मेहमानों पर कड़ी नजर भी रखेगी। रविवार को मुंबई के कोहिनूर बैंगक्विट हॉल में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में अंकित आईटी कंसल्टेंट नेहा सांबरी के संग फेरे लेंगे। राजस्थान रॉयल्स के इस दागी खिलाड़ी को विवाह करने के लिए दिल्ली की एक अदालत ने 6 जून तक के लिए सशर्त जमानत दे दी थी।
क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी के मुताबिक, हम अंकित के मेहमानों पर नजर रखेंगे।
मुंबई के डीजी रुपारेल कॉलेज में नेहा और अंकित एक साथ पढ़ते थे। वहीं, दोनों की दोस्ती हुई और फिर यह दोस्ती प्यार में बदल गई। नेहा पिछले आठ साल से अंकित की प्रेमिका हैं। पिछले साल एक जुलाई को दोनों की सगाई हुई थी।
स्पॉट फिक्सिंग में चव्हाण की गिरफ्तारी के बाद ऐसी संभावना जताई जा रही थी कि मंगेतर नेहा ने चव्हाण से शादी के लिए इंकार कर दिया, लेकिन नेहा ने कहा कि 'मैं रविवार को अंकित से शादी करने जा रही हूं। मैंने इस रिश्ते से पीछे हटने के लिए कभी सोचा ही नहीं।'
नेहा सांबरी ने कहा कि 'दोनों परिवार अंकित के साथ हैं। उसके परिवार ने मुझसे कहा था कि एक-दो दिन सोच लो, लेकिन मैंने उनसे यही कहा कि मुझे इस बात में कोई शक ही नहीं है कि अंकित निर्दोष है।'
उल्लेखनीय है कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ियों अंकित, अजीत चंदीला और श्रीसंत को पिछले महीने दिल्ली पुलिस ने आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था।