श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज अविष्का गुणवर्धने को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का नया बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ट ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। बता दें कि अविष्का गुणवर्धने श्रीलंका के लिए छह टेस्ट और 61 वन-डे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। टेस्ट में गुणवर्धने के नाम 181 जबकि वन-डे में उनके नाम कपल 1708 रन दर्ज हैं। दरअसल, बीते कुछ महीने पहले आईसीसी के स्वतंत्र भ्रष्टाचार-रोधी पंचाट ने गुणवर्धने पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से मुक्त कर दिया था, जिससे उन्हें तत्काल प्रभाव से क्रिकेट से संबंधित गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति मिल गई थी। बता दें कि अफगानिस्तान टीम को अगले महीने पाकिस्तान के खिलाफ तीन वन-डे मैचों की सीरीज खेलनी है। इससे पहले टीम में नए बल्लेबाजी कोच को नियुक्त किया गया है।
बता दें कि इस समय अफगानिस्तान की स्थिति भयावह है। देश पर तालिबान का कब्जा हो गया है। ऐसे में वहां के खिलाड़ियों और उनका परिवार खतरे में है। मगर बीते दिनों अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ हामिद शिवारी ने कहा था कि देश में अस्थितरता और राजनीतिक उथल-पुथल के बीच क्रिकेट को फर्क नहीं पड़ने वाला है।
तालिबान को क्रिकेट से प्यार
शिनवारी ने कहा था तालिबान को क्रिकेट से प्यार है और वह इस खेल का समर्थन भी करता है। समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में शिनवारी ने यह भरोसा दिलाया कि तालिबान के सत्ता पर काबिज होने के बावजूद राष्ट्रीय टीम और उनका परिवार सुरक्षित है। गौरतलब है कि टीम के स्टार खिलाड़ी राशिद खान, मोहम्मद नबी और मुजीब जदरान इस वक्त ब्रिटेन में हैं और 'दी हंड्रेड' टूर्नामेंट का हिस्सा हैं। लेकिन ये सभी क्रिकेटर अपने परिवार को लेकर चिंतित हैं।