दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने के अंतिम टेस्ट मैच में श्रीलंका ने अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है।
दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय श्रीलंका ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 11 रन बना लिए थे।
श्रीलंका को पहली पारी के आधार पर 150 रनों की बढ़त हासिल हो चुकी है। इससे पहले मेजबान टीम 421 रन बनाकर आउट हो गई थी जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका महज 282 रन ही बना सकी।
अफ्रीकी टीम की ओर से कप्तान हाशिम अमला ने सर्वाधिक 139 रन बनाए। जबकि उसके 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
31 साल के अमला ने 382 गेंदों का सामना किया और नाबाद शतकीय पारी में 12 चौके लगाए। अमला का 78 मैचों में यह 22वां शतक था। उन्होंने कप्तानी की पूरी जिम्मेदारी के साथ खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट पर 204 रन के संकट से बाहर निकालकर 282 रन तक पहुंचाया और नाबाद पवेलियन लौटे।
श्रीलंका की ओर से दिलरुवान परेरा ने 69 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि रंगना हेराथ ने 4 विकेट झटके।
दो मैचों की सीरीज का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीता था और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनी हुई है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महेला जयवर्धने का यह अंतिम टेस्ट मैच है और इस मैच की पहली पारी में उन्होंने 165 रनों की पारी खेली थी।