श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) में जबरदस्त बवाल मच गया है। दरअसल, बोर्ड के नए अनुबंध के चलते टीम के मौजूदा सभी 24 क्रिकेटरों ने नए केंद्रीय अनुबंध (सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट) के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। इन क्रिकेटरों का कहना है कि जिस तरीके से अनुबंध श्रेणियों को बांटा गया है, उसमें पारदर्शिता की कमी है।
तीन जून तक का समय
क्रिकेट वेबसाइट क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, नए करार पर हस्ताक्षर करने के लिए खिलाड़ियों को तीन जून तक का समय दिया गया है। एसएलसी की तरफ से लागू की गई नई प्रणाली पर क्रिकेटर्स पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं, जो कथित तौर पर 2019 के बाद से प्रदर्शन को 50 प्रतिशत, खिलाड़ी फिटनेस को 20 प्रतिशत और नेतृत्व, व्यावसायिकता और भविष्य की क्षमता और अनुकूलन क्षमता के लिए प्रत्येक को 10 प्रतिशत देता है।
बंदूक की नोक पर न कारएं ये काम
उधर, क्रिकेटरों की तरफ से जारी बयान में अटॉर्नी निशान सिडनी प्रेमथिरत्ने ने कहा, खिलाड़ी अनुचित और गैर-पारदर्शी अनुबंधों पर हस्ताक्षर करने के लिए सहमत नहीं हैं और बोर्ड से हम अनुरोध करते हैं कि खिलाड़ियों को बंदूक की नोक पर यह काम कराने के लिए दबाव में न डालें।
बांग्लादेश दौरे पर श्रीलंकाई टीम
बता दें कि इस समय श्रीलंका की टीम तीन मैचों की वन-डे सीरीज के लिए बांग्लादेश दौरे पर है, जहां उसे 23 मई को मेजबान टीमके खिलाफ पहला वन-डे खेलना है। इसके बाद उसे लिमिटेड ओवर की सीरीज के लिए भारत की मेजबानी करनी है।