महिला एशिया कप 2024 की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। 19 जुलाई को इस टूर्नामेंट का आगाज होगा जिसकी मेजबानी श्रीलंका क्रिकेट करेगा। इससे पहले मेजबान बोर्ड ने फैंस को बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल, आगामी टूर्नामेंट के लिए श्रीलंका क्रिकेट ने फैंस की एंट्री फ्री कर दी है। टूर्नामेंट में कुल 15 मैच खेले जाएंगे जिनमें दो सेमीफाइनल और फाइनल शामिल हैं।
श्रीलंका क्रिकेट ने फैंस को दिया तोहफा
टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें खेलती नजर आएंगी। इनमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नेपाल और मलयेशिया शामिल हैं। सभी मैच रनगिरी दाम्बुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे। श्रीलंका क्रिकेट ने मंगलवार को ट्वीट किया, "महिला एशिया कप 2024 आ गया है और प्रवेश निःशुल्क है!"
बीसीसीआई ने की टीम की घोषणा
भारत शुक्रवार को अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आगामी टूर्नामेंट के लिए शनिवार को टीम की घोषणा कर दी थी।भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में खेलती नजर आएगी। वहीं, स्मृति मंधाना को उप-कप्तान बनाया गया है। टीम में शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर) जैसी स्टार महिला खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। वहीं, मुख्य टीम की 15 खिलाड़ियों के अलावा श्वेता सहरावत, साइका इशाक, तनुजा कंवर और मेघना सिंह को रिजर्व खिलाड़ियों के तौर पर शामिल किया गया है।
भारत का कार्यक्रम
भारत को टूर्नामेंट के ग्रुप ए में रखा गया है जिसमें चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात और नेपाल शामिल हैं। भारत अपना पहला मैच 19 जुलाई को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम 21 जुलाई को संयुक्त अरब अमीरात से भिड़ेगी और उसके बाद टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में 23 जुलाई को नेपाल से भिड़ेगी।
एशिया कप 2024 के लिए भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), पूजा वस्त्रकार, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, दयालन हेमलता, आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल और सजना सजीवन।
रिजर्व: श्वेता सहरावत, साइका इशाक, तनुजा कंवर और मेघना सिंह।