2 मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट के चौथे दिन तक ड्रॉ की ओर बढ़ रहे मैच को श्रीलंका ने अंतिम दिन ट्वंटी-20 तरीके से खेलते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। साथ ही इस जीत के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त भी ले ली।
मैच में तीसरे दिन का खेल बारिश के कारण बाधित हो गया था और उस समय पाकिस्तान के 451 रन पर आउट होने के बाद श्रीलंका 2 विकेट पर 252 रन बना पाया था। 3 दिन का खेल और एक ही पारी पूरी हुई थी, ऐसे में मैच ड्रॉ की ओर जाता दिख रहा था।
लेकिन चौथे दिन कुमार संगकारा (221) के दोहरे शतक और अन्य बल्लेबाजों की तेज पारी के दम पर श्रीलंका ने खेल खत्म होने से महज 20 मिनट पहले अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 533 रनों पर समेट दी और तुरंत ही पाक का एक विकेट भी झटक लिया।
रंगना की फिरकी में नाचा पाकिस्तान
पहली पारी के आधार पर श्रीलंका से 82 रन से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान का लक्ष्य मैच के अंतिम दिन पूरे दिन बल्लेबाजी करना था लेकिन फिरकी गेंदबाज रंगना हेराथ के आगे पाक बल्लेबाजों की एक न चली।
लेफ्ट आर्म स्पिनर हेराथ (48 रन पर 6 विकेट) की घातक गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका ने पाकिस्तान की दूसरी पारी टी-ब्रेक के बाद महज 180 रनों पर समेट दी। अपनी अंगुलियों का कमाल दिखाते हुए हेराथ ने मैच में कुल 9 विकेट झटके और ‘मैन ऑफ द मैच’ बने।
इस तरह श्रीलंका को मैच जीतने के लिए 21 ओवर में 99 रनों का लक्ष्य मिला जो मेजबान टीम ने ट्वंटी-20 अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 16.2 ओवर में ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
विजयी टीम की ओर ओपनर उपल थरंगा 12 रन, महेला जयवर्धने 26 रन, पहली पारी में दोहरा शतक ठोकने वाले कुमार संगकारा 21 रन बनाकर आउट हुए। जबकि पहली पारी में 9 रन से शतक से चूकने वाले कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने नाबाद 25 और कितुरवान विथांगे ने नाबाद 11 रन बनाकर श्रीलंका को जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया।
खराब रोशनी की तलाश में लगे पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने मैच ड्रॉ कराने की भरपूर कोशिश की, लेकिन मैथ्यूज ने छक्का मारने के बाद एक रन लेकर मैच निपटा दिया।
मैथ्यूज की आतिशी पारी ने पाक की उम्मीदों को धोया
बल्लेबाजों की नाकामी की वजह मैच में हार की कगार पर पहुंच चुकी पाकिस्तान को आसमान में छाए काले बादलों से काफी उम्मीद थी और टीम बारिश आने का इंतजार कर रही थी।
समय बर्बाद करने के लिहाज से पाक ने अनावश्यक 2 रिव्यू भी लिए लेकिन कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने महज 13 गेंदों में 25 रनों (2 छक्का और 2 चौका) की पारी खेली और टीम को जीत दिला दी।
कप्तान मैथ्यूज ने पारी के 16वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जमाने के बाद अगली गेंद पर एक रन लेकर टीम को जीत दिला दी। इससे पहले उन्होंने 15वें ओवर में जुनैद खान की गेंद पर 2 छक्के के साथ 17 रन कूट लिए।
दूसरी पारी में 'फ्लॉप' हो गए पाक बल्लेबाज
इससे पहले सुबह एक विकेट पर 4 रन से आगे खेलने उतरी पाकिस्तान के बल्लेबाज दूसरी पारी में कोई कमाल नहीं दिखा सके।
पहली पारी में शानदार 177 रन बनाने वाले यूनुस खान मात्र 13 बनाकर आउट हो गए जबकि कप्तान मिस्बाह उल हक भी 28 रन का ही योगदान कर सके। सरफराज अहमद ने सर्वाधिक नाबाद 52 और अजहर अली ने 41 रन की पारी खेली।
रंगना हेराथ के 6 विकेट के अलावा कौशल परेरा ने 2 और थरंगा इरंगा और धम्मिका प्रसाद को 1-1 सफलता मिली।