पिछले सीजन की उपविजेता सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत आईपीएल 2025 में अच्छी नहीं रही है। अब उसका सामना गुजरात टाइटंस के साथ होगा। इस मैच में जहां सनराइजर्स वापसी के इरादे से उतरेगी, वहीं गुजरात भी अपना दम दिखाएगी। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के कारण आईपीएल में अपना विशेष स्थान बनाने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के लिए उसकी यह आक्रामकता ही हार का कारण बन रही है और गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मैच में उसे अपनी इस शैली पर आत्ममंथन करना होगा।
सनराइजर्स ने की थी धमाकेदार शुरुआत
सनराइजर्स ने अपने पहले मैच में 286 रन बनाकर धमाकेदार शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद उसके बल्लेबाजों की आक्रामकता नहीं चल पाई। सनराइजर्स ने अगले तीन मैच में 190, 163 और 120 रन बनाए। उसे इन तीनों मैच में हार का सामना करना पड़ा। सनराइजर्स की टीम अभी अंक तालिका में 10वें और अंतिम स्थान पर है तथा ऐसा लग रहा है कि विश्व चैंपियन पैट कमिंस की अगुआई वाली यह टीम बिखर रही है। पिछले साल की उपविजेता सनराइजर्स की टीम आक्रामकता और अति आक्रामकता के बीच संतुलन बनाने में नाकाम रही है तथा उसके अधिकतर बल्लेबाजों ने अपने विकेट इनाम में दिए हैं।
ये भी पढ़ें: PM Modi: श्रीलंका दौरे के दौरान पीएम मोदी ने श्रीलंकाई क्रिकेटरों से की मुलाकात, खेल को लेकर हुई चर्चा
सनराइजर्स के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को बनाने होंगे रन
सनराइजर्स के लिए राहत की बात यह है कि उसकी टीम को गुजरात के खिलाफ अगला मैच अपने घरेलू मैदान पर खेलना है जहां अभी तक रन वर्षा होती रही है।
सनराइजर्स को अगर हार की हैट्रिक पूरी करने के बाद वापसी करना है तो उसके मुख्य बल्लेबाजों ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिच क्लासेन को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। सनराइजर्स के लिए गेंदबाजी भी चिंता का विषय लगती है क्योंकि युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी (चार विकेट) को छोड़कर कोई भी गेंदबाज खतरनाक नहीं दिख रहा है। कप्तान कमिंस की इकोनॉमी रेट 12.30 रन प्रति ओवर है, जबकि उनके देश के एडम जांपा की इकोनॉमी रेट 11.75 है। अनुभवी मोहम्मद शमी भी महंगे रहे। उन्होंने अभी तक प्रति ओवर 10 रन दिए हैं।
बटलर की फॉर्म में वापसी से गुजरात मजबूत
जहां तक गुजरात टाइटंस का सवाल है तो ऐसा लग रहा है कि उसकी टीम ने अपनी लय हासिल कर ली है। बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ धमाकेदार जीत से उसकी टीम का मनोबल बढ़ा होगा। इस मैच में जोस बटलर ने शानदार अर्धशतक लगाया था। बटलर, कप्तान शुभमन गिल और बी साईं सुदर्शन की मौजूदगी में उसका शीर्ष क्रम काफी मजबूत नजर आता है। इन तीनों बल्लेबाजों ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है और उम्मीद है कि वह अपनी इस फॉर्म को आगे भी जारी रखेंगे।
ये भी पढ़ें: CSK vs DC: 2009 के बाद पहली बार दिल्ली ने जीते शुरुआती तीन मैच, 5468 दिन बाद सीएसके को उसके घर में दी मात
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
सनराइजर्स हैदराबादः अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), कामिंदु मेंडिस, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, सिमरजीत सिंह, मोहम्मद शमी, जीशान अंसारी।
गुजरात टाइटंसः साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, अरशद खान, राशिद खान, आर साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा।
आइए जानते हैं हैदराबाद और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 मैच से जुड़ी सारी जानकारियां...
हैदराबाद और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब खेला जाएगा?
हैदराबाद और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला 06 अप्रैल यानी रविवार को खेला जाएगा।
हैदराबाद और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कहां खेला जाएगा?
हैदराबाद और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
हैदराबाद और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब शुरू होगा?
हैदराबाद और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा।
हैदराबाद और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं?
हैदराबाद और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा।
हैदराबाद और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
हैदराबाद और गुजरात के बीच आईपीएल 2025 के मैच को ऑनलाइन जियोहॉटस्टार (JioHotstar) एप पर देखा जा सकता है। इसके साथ ही मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स Amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।