श्रीसंत ने कहा- गुजरात जाएंट्स और इंडिया कैपिटल्स के बीच लीजेंड्स लीग क्रिकेट मैच के दौरान गौतम गंभीर ने आखिरकार श्रीसंत से क्या कहा था, इस पर श्रीसंत ने आखिरकार खुलकर बात की है। श्रीसंत ने अपने नए वीडियो में कहा, 'कई चैनल वाले मुझे कॉल कर रहे हैं और मुझसे जानना चाहते हैं कि आखिरकार मैदान पर हुआ क्या था। मैं उस तरह का इंसान नहीं हूं जो पीआर (पब्लिक रिलेशन) में ज्यादा पैसे खर्च करे और गलत बातें फैलाए। इसलिए मैं लाइव आकर आपसे बात कर रहा हूं। मैं हर समाचार चैनल को एक ही बात नहीं दोहराना चाहता।
श्रीसंत ने कहा- हमें पता है कि वो (गंभीर) कितने शक्तिशाली हैं और पीआर पर कितना खर्च कर सकते हैं। मैं एक आम इंसान हूं, जिसने अकेले ही अपने परिवार और बाकी चीजों के लिए लड़ाई लड़ी है। उसमें आप सभी का भी समर्थन रहा है। वह मुझे लाइव टीवी में पूरी दुनिया के सामने फिक्सर फिक्सर बुलाते रहे। मैंने उन्हें एक भी बुरा शब्द नहीं कहा। मैंने उनके लिए किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। मैंने सिर्फ उनसे पूछा- आप मुझे क्या कह रहे हो? और मैं हंस रहा था क्योंकि वह मुझे बार बार फिक्सर कह रहे थे। वह अभद्र भाषाओं का भी प्रयोग कर रहे थे।
श्रीसंत ने कहा- जब अंपायर उन्हें कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे थे, तब भी वह इसी तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे। हो सकता है उनका पीआर बहुत मजबूत हो, लेकिन मैं हर चैनल पर आकर एक ही चीज नहीं बता सकता। इसलिए मैंने लाइव आकर आपको सारी सच्चाई बताई है। सोशल मीडिया पर अगर मेरे खिलाफ कोई वीडियो वायरल हो रहा है तो आप समझ जाएं उनकी छवि को बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। मैंने मेरे तरफ से एक शब्द एक गाली तक का इस्तेमाल नहीं किया।
श्रीसंत ने कहा- वह सिर्फ मेरे साथ ऐसा नहीं कर रहे हैं, बल्कि कई लोगों के साथ ऐसा किया है। मुझे नहीं पता उन्होंने इसकी शुरुआत क्यों की। जब विकेट गिरा था तो उस ब्रेक में भी मुझे वह कुछ शब्द कहते रहे। लोगों ने सोशल मीडिया पर फैला दिया कि सिक्सर-सिक्सर कुछ बोला है, लेकिन ऐसा तो उन्होंने बोला ही नहीं। गंभीर ने बोला- तू फिक्सर है। यह बात करने का कोई तरीका नहीं है। मैं चाहूं तो इस पर आगे की कार्रवाई भी कर सकता हूं। मैं बस इस मामले को यहीं रफा दफा करना चाहता हूं, लेकिन उनके लोग उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
इससे पहले गंभीर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। इस पोस्ट में उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन इसे श्रीसंत को जवाब माना जा रहा था। गंभीर ने गुरुवार को सुबह साढ़े 11 बजे एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट किया, जिसमें वह टीम इंडिया की जर्सी में हैं और मुस्कुरा रहे हैं। यह उन दिनों की तस्वीर है जब गंभीर भारतीय टीम में खेल रहे थे। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा- मुस्कुराइए! जब दुनिया में लोग सिर्फ ध्यान खींचने की कोशिश कर रहे हैं।
झगड़ा कैसे हुआ? क्या है पूरा मामला?
लीजेंड्स लीग क्रिकेट में लाइव मैच के दौरान भारत के दो पूर्व क्रिकेटर्स गौतम गंभीर और श्रीसंत भिड़ गए। बुधवार को सूरत में इस लीग के एलिमिनेटर मैच में गुजरात जाएंट्स और इंडिया कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने थीं। जहां गंभीर कैपिटल्स के कप्तान हैं, वहीं श्रीसंत गुजरात के गेंदबाज हैं। इस मैच के दौरान गंभीर और श्रीसंत के बीच जमकर बवाल हुआ।
दरअसल, इस मैच के दौरान गुजरात के कप्तान पार्थिव पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंडिया कैपिटल्स के लिए कर्क एडवर्ड्स और गंभीर ओपनिंग के लिए आए। अपनी 30 गेंद में 51 रन की पारी में कैपिटल्स के कप्तान गंभीर ने श्रीसंत को कुछ चौके लगाए। वीडियो में ऐसा दिख रहा है कि इसके बाद श्रीसंत ने हताशा में गंभीर की ओर देखा और कुछ शब्द कहे। इसके जवाब में गंभीर ने इस तेज गेंदबाज को घूरकर देखा और इशारा किया। यह विवाद यहीं नहीं रुका। एक फैन ने सोशल मीडिया पर स्टैंड से रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो पोस्ट किया जो कि कैपिटल्स के किसी बल्लेबाज के आउट होने के समय का है। उस ब्रेक के दौरान गंभीर और श्रीसंत के बीच फिर से शब्दों का आदान-प्रदान हुआ।