दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए टेस्ट टीम का एलान कर दिया है। सात नए खिलाड़ियों को 14 सदस्यीय टीम में शामिल किया है। वहीं, सिर्फ सात खिलाड़ी ही टीम में ऐसे हैं जो कम से कम एक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। जनवरी-फरवरी में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड अपनी नई टी20 लीग 'एसए20' का दूसरा सीजन आयोजित करेगा। उसके प्रमुख खिलाड़ी लीग में खेलेंगे। ऐसे में नए खिलाड़ियों को टेस्ट टीम में जगह दी गई है।
दक्षिण अफ्रीका की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ चार फरवरी से पहला और 13 फरवरी से दूसरी टेस्ट मैच खेलेगी। एसएटी20 लीग का आयोजन 10 जनवरी से 10 फरवरी तक होगा। दक्षिण अफ्रीका ने 27 साल के नील ब्रांड को कप्तान बनाया है। वह अब तक एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल पाए हैं। उनके पास 51 प्रथम श्रेणी मैच खेलने का अनुभव है। नील ब्रांड ने प्रथम श्रेणी में 39.27 की औसत से 2906 रन बनाए हैं। उन्होंने छह शतक और 20 अर्धशतक लगाए हैं। उनके नाम 72 विकेट भी हैं। नील बाएं हाथ से बल्लेबाजी और बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। वह 51 में से 18 प्रथम श्रेणी मैचों में कप्तानी कर चुके हैं।
कोच कॉनराड ने युवा खिलाड़ियों का किया समर्थन
अनुभव के मामले में डेन पीटरसन और डुआन ओलिवियर के साथ खाया जोंडो की टीम में वापसी हुई है। तीनों थोड़े अंतराल के बाद टीम में लौटे हैं। ऐसी अपेक्षाकृत अनुभवहीन टीम को भेजने से न्यूजीलैंड को सीरीज में बढ़त मिलती हुई नजर आ रही है। दक्षिण अफ्रीका के टेस्ट कोच शुकरी कॉनराड ने युवा खिलाड़ियों का समर्थन किया है। कॉनराड ने कहा, "सबसे पहले मैं उन खिलाड़ियों को बधाई देना चाहूंगा जो पहली बार टीम के साथ दौरे पर जा रहे हैं। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना एक वास्तविक सम्मान है, इसलिए उन्हें इस पल का आनंद लेना चाहिए।"
कॉनराड ने कहा, "इस दौरे के लिए चुने गए खिलाड़ियों के पास न्यूजीलैंड को चुनौती देने का पूरा मौका है और हमें पूरा विश्वास है कि जब हम माउंट माउंगानुई में पहले टेस्ट मैच के लिए पहुंचेंगे तो वे बिल्कुल वैसा ही करेंगे। इनमें से अधिकांश लोगों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में 'ए' सीरीज में भाग लिया था। जहां उन्होंने दिखाया कि उनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने की क्षमता है।''
न्यूजीलैंड दौरे के लिए दक्षिण अफ्रीका टीम
नील ब्रांड (कप्तान), डेविड बेडिंघम, रुआन डी स्वार्ड्ट, क्लाइड फोर्टुइन, जुबैर हमजा, त्शेपो मोरेकी, मिहलाली मपोंगवाना, डुआन ओलिवियर, डेन पीटरसन, कीगन पीटरसन, डेन पिड्ट, रेनार्ड वैन टोन्डर, शॉन वॉन बर्ग और खाया जोंडो।