दक्षिण अफ्रीका में कोरोना के नए वैरिएंट के सामने आने के बाद से कई देशों ने वहां की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। इससे क्रिकेट पर भी काफी प्रभाव पड़ा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल ने जिम्बाब्वे में होने वाले महिला विश्व कप क्वालिफायर 2021 को रद्द कर दिया था। इसके बाद जिम्बाब्वे में ही ठहरी श्रीलंकाई टीम की छह खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाई गईं।
दक्षिण अफ्रीका ने बीसीसीआई को धन्यवाद कहा
इन घटनाओं के बाद भारतीय ए टीम के दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर भी खतरा मंडराने लगा था। हालांकि, बीसीसीआई ने इस टूर को जारी रखने का फैसला लिया। इसके लिए क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने बीसीसीआई को धन्यवाद भी कहा है। साथ ही आगामी भारतीय सीनियर टीम के दौरे के लिए एक सुरक्षित बायो बबल बनाने की भी घोषणा की है।
ब्लोमफोंटेन में खेला जा रहा मैच
फिलहाल प्रियांक पंचाल के नेतृत्व में भारतीय ए टीम दक्षिण अफ्रीका में तीन टेस्ट की अनऑफिशियल सीरीज खेल रही है। यह मैच ब्लोमफोंटेन में खेला जा रहा है। मंगलवार से दोनों टीमों के बीच दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट की शुरुआत हुई। भारतीय ए टीम को भी सभी प्रकार की सुरक्षा मुहैया करवाई जा रही है।
सुरक्षा के लिए हर कदम उठाएगा क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका की अंतर्राष्ट्रीय संबंध और सहयोग विभाग (डीआईआरसीओ) ने कहा कि हमारा देश टीम इंडिया को सुरक्षा प्रदान करने के लिए हर कदम उठाएगा। साथ ही ए टीम के लिए भी हम प्रतिबद्ध हैं। बीसीसीआई का टूर जारी रखने के निर्णय का हम स्वागत करते हैं। वहीं कई देशों ने हमारे देश की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह उन सभी को करारा जवाब है।
भारतीय टीम नौ दिसंबर को दक्षिण अफ्रीका पहुंचेगी
इसके बाद भारत को भी दक्षिण अफ्रीका का दौरा करना है। इस सीरीज की शुरुआत 17 दिसंबर से होगी। टीम नौ दिसंबर को दक्षिण अफ्रीका पहुंचेगी। पहला टेस्ट जोहानिसबर्ग में 17 दिसंबर से खेला जाएगा। इसके बाद 26 दिसंबर और 3 जनवरी से दो और टेस्ट खेले जाएंगे। 11, 14 और 16 जनवरी को तीन वनडे खेले जाएंगे। इसके बाद 19, 21, 23 और 26 जनवरी को चार टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी।