भारत के खिलाफ चार मैचों की सीरीज में मिलने वाली चुनौती को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उपमहाद्वीप की परिस्थितियों से तालमेल बिठाने के लिए अपने आठ खिलाड़ियों को 7 फरवरी को भारत भेजने का फैसला किया है। मुख्य चयनकर्ता जान इनवेरारिटी की अगुआई में नेशनल चयन पैनल ने खिलाड़ियों की रवानगी की तिथियों को अंतिम रूप दिया है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी वर्तमान अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के अनुरूप तीन अलग-अलग दस्तों में भारत पहुंचेगी। उन्होंने बताया जैकसन बर्ड, एड कोवान, मोजेज हेनरिक्स, उस्मान ख्वाजा, नाथन लियोन, जेम्स पैटिनसन, पीटर सिडल और स्टीव स्मिथ को सात फरवरी को भारत भेजने की योजना है।
आईपीएल नीलामी में 5.3 करोड़ रुपये में बिके ग्लेन मैक्सवेल नौ फरवरी को दूसरे बैच के साथ भारत पहुंचेंगे। मैक्सवेल के दस्ते में मैथ्यू वेड, डेविड वार्नर होंगे। बाकी बचे छह खिलाड़ी कप्तान माइकल क्लार्क, शेन वाटसन, जेवियर डोहर्टी, मिचेल स्टार्क, फिलिप ह्यूज और मिचेल जानसन वेस्ट इंडीज के खिलाफ कामनवेल्थ गेम्स बैंक सीरीज समाप्त होने के बाद 11 फरवरी को रवाना होंगे।