भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वन-डे सीरीज का आखिरी मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। तीसरे व आखिरी वन-डे में भारतीय टीम में छह बदलाव हुए हैं। इनमें पांच खिलाड़ियों ने डेब्यू किया है। 41 साल बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब वन-डे में एक साथ पांच खिलाड़ियों ने डेब्यू किया हो। इससे पहले 1980 के ऑस्ट्रेलिया के एमसीजी मैदान पर ऐसा हुआ था। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में उस समय दिलीप दोशी, कीर्ति आजाद, रोजर बिन्नी, संदीप पाटिल और तिरुमलाई श्रीनिवासन ने डेब्यू किया था। बता दें कि भारत की ओर से डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में राहुल चाहर, चेतन साकरिया, संजू सैमसन, के गौतम और नितीश राणा शामिल हैं।
बता दें कि टीम इंडिया तीन मैचों की वन-डेसीरीज में 2-0 से आगे है। आखिरी वन-डे में पिछले मैच के हीरो रहे दीपक चाहर, ईशान किशन, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को आराम दिया गया है। वहीं, भुवनेश्वर कुमार की जगह नवदीप सैनी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। बता दें कि संजू सैमसन, नीतीश राणा, चेतन साकरिया, कृष्णप्पा गौतम और राहुल चाहर पहली बार वन-डे क्रिकेट खेलेंगे। खबर लिखे जाने तक भारत ने तीन ओवर्स में एक विकेट के नुकसान पर 29 रन बना लिए हैं। पहला विकेट शिखर धवन (13) के रूप में गिरा। दुश्मांता चमीरा ने उन्हें अपना शिकार बनाया।