लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को पंजाब का स्टेट आइकन बनाया गया है। चुनाव आयोग ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। चुनाव से पहले वह मतदाताओं को मतदान के लिए जागरुक करते नजर आएंगे। इसकी जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने दी। फिलहाल गिल भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज में खेलते नजर आ रहे हैं।
‘इस बार 70 पार’
इस बीच गिल को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोंमवार को जारी एक बयान में कहा, “शुभमन गिल अलग-अलग अभियान का हिस्सा बनेंगे। इनका लक्ष्य मतदाताओं के बीच जागरूकता पैदा करना है, ताकि राज्य में मतदान प्रतिशत 70 प्रतिशत के आंकड़े को पार कर सके।“
पंजाब में 2019 के लोकसभा चुनावों में 13 सीटों के लिए 65.96 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार निर्वाचन अधिकारियों ने 70 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा है। आयोग की तरफ से ‘इस बार 70 पार’ का नारा भी दिया गया है। सिबिन सी ने आगे कहा, “शुक्रवार को पंजाब के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक में उन्हें ऐसे इलाकों की पहचान करने को कहा गया जहां पिछले चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत कम था।“
टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज गिल
इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में युवा बल्लेबाज ने शानदार शतक जड़ा था। 12 पारियों बाद उनके बल्ले से ये शतक निकला था। वहीं, तीसरे टेस्ट में भी वह शतक जड़ने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, 91 रन पर बल्लेबाज आउट हो गए। नौ रन से वह इस सीरीज में दूसरा शतक लगाने से चूक गए। अब तक खेले जा चुके तीन टेस्ट मैचों में भारत के लिए शुभमन गिल सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 252 रन बनाए हैं। वहीं, उनका उच्चतम स्कोर 104 रन है। यशस्वी जायसवाल अब तक इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने लगातार दो दोहरे शतकों की मदद से 545 रन बनाए हैं।