पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ओपनर शर्जील खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उन पर स्पॉट फिक्सिंग के लिए भ्रष्टाचार रोधी पंचाट द्वारा लगाए गए पांच साल के प्रतिबंध के खिलाफ अपील पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के स्वतंत्र जज ने खारिज कर दी।
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज ने शर्जील की अपील के साथ ही पीसीबी की उस अपील को भी खारिज कर दिया, जिसमें बोर्ड ने इस बल्लेबाज के खिलाफ सजा बढ़ाने की मांग की थी। भ्रष्टाचार रोधी पंचाट ने शर्जील को सिंतबर में पीसीबी की भ्रष्टाचार सहित से संबंधित पांच अपराधों का दोषी पाया था, जिसके बाद उन पर पांच साल का प्रतिबंध लगाया गया था। शर्जील को फरवरी में कथित सट्टेबाज से मिलने और दुबई में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के मैच के दौरान स्पॉट फिक्सिंग की पेशकश स्वीकार करने का दोषी पाया गया था।
पीसीबी ने भ्रष्टाचार रोधी संहिता के तहत संदिग्ध पाए जाने के बाद शर्जील और खालिद लतीफ को दुबई से वापस भेज दिया था। शर्जील के वकील ने स्वीकार किया कि संभावना है कि यह बल्लेबाज हाई कोर्ट में एक और याचिका दायर करे।
इस मामले में दो अन्य खिलाड़ियों शाहजेब खान और नासिर जमशेद के खिलाफ जांच चल रही है, जबकि मोहम्मद इरफान पर एक साल और मुहम्मद नवाज पर दो महीने का प्रतिबंध लगा था। इसमें आधी सजा निलंबित थी, यानी इन्हें मिली सजा पूरी हो चुकी है।