भारत और इंग्लैंड के बीच ब्रिस्टल में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन शेफाली वर्मा ने इतिहास रच दिया। 17 साल की उम्र में वह डेब्यू मैच के दोनों पारियों में 50 या उससे ज्यादा का स्कोर करने वाली पहली भारतीय और दुनिया की चौथी महिला बन गईं हैं। फॉलोऑन खेल रही भारतीय महिला क्रिकेट टीम के इस युवा खिलाड़ी ने पारी के 23वें ओवर की चौथी गेंद पर एक रन के साथ अपनी फिफ्टी पूरी की। खबर लिखे जाने तक (चायकाल) शेफाली 55 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थीं। बता दें कि पहली पारी में शेफाली ने 96 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। चायकाल तक भारतीय टीम का स्कोर 83/1 पर था। शेफाली के अलावा दीप्ति शर्मा 18 रन बनाकर क्रीज पर थीं। इसके बाद फिर बारिश शुरू हो गई, जिसके कारण खेल रुका है। भारतीय टीम अभी इंग्लैंड से 82 रन पीछे है।
शेफाली से पहले यह उपलब्धि इंग्लैंड की लेस्ली कुक (72 एवं 117, बनाम भारत, 1986), श्रीलंका की वनीसा बोवेन (78 एवं 63, बनाम पाकिस्तान, 1998) और आस्ट्रेलिया की जेफ जॉनसेन (99 एवं 54, बनाम इंग्लैंड, 2021) ने हासिल की थी। यह 17 वर्षीय बल्लेबाज पहली पारी में केवल चार रन से डेब्यू मैच में शतक जड़ने वाली पहली भारतीय बनने से चूक गईं थीं। इसके अलावा उनके पास सबसे कम उम्र में टेस्ट शतक बनाने का अवसर भी था। वह इस पारी में तिहरे अंक में पहुंचकर ये दोनों उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
इंग्लैंड ने दिया फॉलो-ऑन
भारतीय महिला टीम शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन पहली पारी में 231 रन पर सिमट गई, जिससे उसे फॉलोऑन के लिए मजबूर होना पड़ा। इंग्लैंड ने पहली पारी नौ विकेट पर 396 रन पर घोषित की थी, जिससे भारतीय टीम उससे 165 रन से पिछड़ रही थी। भारतीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 96 और स्मृति मंधाना ने 78 रन की अर्धशतकीय पारियां खेलीं। इन दोनों के अलावा दीप्ति शर्मा ने नाबाद 29 और पूजा वस्त्राकर ने 12 रन जोड़े। इंग्लैंड की गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन ने चार और हीथर नाइट ने दो विकेट हासिल किए।