सरफराज खान, ध्रुव जुरेल और यश दयाल को ईरानी कप के लिए भारतीय टीम से रिलीज कर दिया गया है। भारत और बांग्लादेश के बीच कानपुर में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है और ये तीनों ही खिलाड़ी प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं हैं। गत रणजी चैंपियन मुंबई और शेष भारत के बीच मंगलवार से ईरानी कप का मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल विहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।
सरफराज का नाम मुंबई टीम में शामिल था, जबकि जुरेल और दयाल शेष भारत की टीम में शामिल हैं। इनका चयन हालांकि, दूसरे टेस्ट पर निर्भर था। यश दयाल को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें दोनों ही टेस्ट में प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया। ऋषभ पंत के विकेटकीपर के तौर पर वापस आने के बाद जुरेल को खेलने का मौका नहीं मिला। दूसरी तरफ, इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू करने वाले सरफराज भी बांग्लादेश के खिलाफ प्लेइंग-11 में जगह नहीं बना सके।
शेष भारत की अगुआई ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे, जबकि हाल ही में काउंटी चैंपियनशिप में खेलने वाले अजिंक्य रहाणे मुंबई की कमान संभालेंगे। भारत और बांग्लादेश के बीच कानपुर टेस्ट रोमांचक हो गया है। भारत ने सोमवार को बांग्लादेश की पहली पारी 233 रन पर ढेर की और आक्रमण रुख अपनाकर तेजी से रन बनाना शुरू किया। भारत ने अपनी पहली पारी 285/9 के स्कोर पर घोषित की। भारत ने इस तरह बांग्लादेश से 52 रनों की बढ़त हासिल की। भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने शानदार गेंदबाजी की जिससे भारत ने दूसरी पारी में बांग्लादेश को दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 26 रन पर रोका। बांग्लादेश की टीम फिलहाल 26 रन पीछे चल रही है।
ईरानी कप के लिए दोनों टीमें इस प्रकार हैं...
शेष भारतः ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन (उपकप्तान), बी साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), मानव सुथार, सारांश जैन, प्रसिद्ध कृष्णा, मुकेश कुमार, यश दयाल, रिकी भुई , शाश्वत रावत, खलील अहमद, राहुल चाहर।
मुंबईः अजिंक्य रहाणे (कप्तान), पृथ्वी शॉ, आयुष म्हात्रे, मुशीर खान, सरफराज खान, श्रेयस अय्यर, सिद्धेश लाड, सूर्यांश शेडगे, हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर), सिद्धांत अद्धतराव (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुश कोटियान, हिमांशु सिंह, शार्दुल ठाकुर , मोहित अवस्थी, मोहम्मद जुनेद खान, रॉयस्टन डायस।