बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में शानदार शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन ने भारत के लिए टेस्ट मैच खेलने की इच्छा जताई है। सैमसन भारत के लिए हर प्रारूप का खिलाड़ी बनना चाहते हैं। केरल के रहने के वाले सैमसन ने 2015 में टी20 में डेब्यू किया था, जबकि उन्होंने भारत के लिए 2021 में वनडे में पहला मुकाबला खेला था। सैमसन नियमित रूप से टीम का हिस्सा नहीं रहते हैं, लेकिन अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने में सफल रहे हैं।
सैमसन ने कहा, मेरा मानना है कि मेरे पास लाल गेंद के क्रिकेट में सफल होने का कौशल है और मैं सिर्फ सफेद गेंद तक ही सीमित नहीं रहना चाहता। मेरी इच्छा भारत के लिए टेस्ट खेलने की है। दलीप ट्रॉफी से पहले, नेतृत्व समूह ने मुझे बताया कि वे टेस्ट क्रिकेट के लिए मुझे चुनने पर विचार कर रहे थे और मुझे इसे गंभीरता से लेने और अधिक रणजी ट्रॉफी मैच खेलने के लिए कहा।
सैमसन को टेस्ट क्रिकेट में सफल होने का भरोसा
हाल ही में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद सैमसन को टेस्ट क्रिकेट में सफल होने की अपनी क्षमता पर भरोसा है और उन्होंने खुलासा किया कि भारतीय टीम प्रबंधन ने उन्हें प्रथम श्रेणी क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा है। यह इस बात के संकेत देता है कि वह टेस्ट टीम में शामिल होने की रणनीति में मौजूद हैं। सैमसन ने कहा, इस वक्त मेरी तैयारी अच्छी चल रही है। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के बाद मैंने राहुल द्रविड़ सर और जुबिन भरुचा के नेतृत्व में ट्रेनिंग की और अपने खेल पर काम किया। दलीप ट्रॉफी में शतक लगाने से मेरा भरोसा बढ़ा क्योंकि यह उनके खिलाफ आया जो देश के बेहतरीन गेंदबाजों में शामिल हैं।
सैमसन रणजी ट्रॉफी में 18 अक्तूबर से कर्नाटक के खिलाफ केरल के लिए खेलते नजर आएंगे। उन्होंने अपने करियर में 64 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं और 38.96 के औसत से 3819 रन बनाए हैं।