मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के बाद मंगलवार को कहा कि उनके जेहन में इस प्रारूप से जुड़ी यादें हमेशा कायम रहेंगी। उन्होंने ट्वीटर पर अपने प्रशंसकों को प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
सचिन ने अपने ट्विट में लिखा, 'आप लोगों से इतने वर्षों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद करने के लिए मेरे पास शब्द तक नहीं हैं। पिछले कुछ समय में तो आपसे मिले प्यार और प्रतिक्रियाओं ने मेरे दिल को खासतौर पर छुआ है, जिससे कभी मैं खुश हुआ तो कभी मेरी आंखों में आसूं आ गए।'
सचिन ने आगे लिखा है कि वह 23 वर्षों तक चले अपने वनडे करियर को कभी भूला नहीं पाएंगे। 23 वर्षों तक वनडे क्रिकेट से जुड़े मेरे कई यादगार पल मेरे जीवन में हमेशा साथ रहेंगे। मैं आप सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं।
देश ही नहीं, दुनिया में अपने खेल से लोगों को अपना दीवाना बनाने वाले सचिन ने रविवार को अचानक वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर सबको चौंका दिया था। सचिन फिलहाल मसूरी में अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिता रहे हैं।