युवाओं के आदर्श और दुनिया के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बनाने के उद्देश्य से अब महाराष्ट्र बोर्ड स्कूल पाठ्यक्रम में सचिन पर एक अध्याय को शामिल करने पर विचार कर रहा है।
सचिन के लिए यह एक और सम्मान की बात होगी कि स्कूल के छात्रों को उनके संबंध में पढ़ाया जाएगा। महाराष्ट्र के स्कूली शिक्षा मंत्री राजेंद्र दारदा ने कहा कि सरकार जल्द ही स्कूल पाठ्यक्रम में सचिन पर अध्याय को भी शामिल करने पर विचार कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले सुनील गावस्कर और चंद्रकांत गुलाबराव उर्फ चंदू बोर्डे को भी महाराष्ट्र में स्कूल पाठ्यक्रमों में शामिल किया जा चुका है।
इन दोनों पूर्व क्रिकेटरों के संबंध में मराठी भाषा की किताबों में अध्याय है। गावस्कर की आत्मकथा ‘सनी डेज’ के एक अध्याय को स्कूली बच्चों की किताबों में शामिल किया गया है।