क्रिकेट जगत के सबसे महान दिनों में से एक है आज का दिन। 26 साल पहले आज ही के दिन एक ऐसे युग की शुरुआत हुई जिसने सफलता की नई इबारत लिखी।
भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने 15 नवंबर 1989 को 17 साल की छोटी सी उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। लेकिन उनके बल्ले से पहला अंतरराष्ट्रीय शतक करियर की शुरुआत करने के नौ महीने बाद आया था।
आज 14 अगस्त है और आज ही के दिन मास्टर ब्लास्टर तेंदुलकर के बल्ले से पहला टेस्ट शतक निकला और फिर 24 साल में एक से संख्या 100 तक पहुंच गई। तेंदुलकर ने 1990 में इंग्लैंड दौरे के दौरान तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट में शतक जमाया था।
मैनचेस्टर में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन भारत की दूसरी पारी के दौरान उन्होंने उस समय शतक लगाया जब टीम संकट में थी। उन्हीं की शतक की बदौलत भारत यह मैच आराम से ड्रॉ करा पाने में सफल रहा।