करीब 25 साल से दुनिया भर के लोगों के चेहरों पर अपनी बल्लेबाजी से मुस्कान बिखेर रहे सचिन तेंदुलकर बुधवार को 40 वर्ष के हो गए। प्रशंसकों के साथ-साथ क्रिकेट जगत के दिग्गजों ने उनको शुभकामनाएं दी।
पूर्व कप्तान और लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, 'मास्टर ब्लास्टर को 40वें जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। ईश्वर आपको लंबा स्वस्थ जीवन प्रदान करें।'
उन्होंने कहा, 'सचिन के बारे में मुझे जो सबसे अच्छी बात लगती है वह यह है कि वे क्रिकेट में हर चुनौती का सामना करने को तैयार रहते हैं। चाहे मामला न्यूजीलैंड में पारी की शुरुआत का हो या अंतिम ओवर में गेंदबाजी करने का। अंतिम ओवर में जहां अच्छे अच्छे गेंदबाजों ने ओवर करने से इन्कार कर दिया था वहीं सचिन ने इस चुनौती को स्वीकार किया था।'
युवराज सिंह ने कहा कि प्रिय मास्टर ब्लास्टर आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। ईश्वर का धन्यवाद है कि आपको हमेशा सफलता मिलती है।
टीम इंडिया के कोच रहे गैरी किर्सटेन ने कहा, 'क्रिकेट के दिग्गज सचिन को जन्मदिन मुबारक।'
वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज कर्टनी वॉल्स ने शुभकामना संदेश में लिखा, '40 साल की उम्र में भी सचिन का क्रिकेट के लिए जुनून देखना लाजवाब है। लिटिल मास्टर को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। इस उम्र में भी आपको खेलते देखना बेहद सुखद है।'
बचपन के दोस्त विनोद कांबली ने मास्टर ब्लास्टर तेंदल्या को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दी। साथ ही ईश्वर से सचिन को खुशहाल बनाए रखने की दुआ मांगी।
अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने लिखा, 'आपके जीवन में आने वाली हर चीज शानदार हो, चाहे वह बड़ी हो या छोटी। हैप्पी बर्थडे सचिन।'
दिनेश कार्तिक ने बधाई संदेश में कहा, 'आप हमेशा देश की सबसे बड़ी प्रेरणा रहेंगे। भारतीय क्रिकेट के भगवान को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'
अजिंक्य रहाणे ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैंने क्रिकेट इसलिए खेलना शुरू किया क्योंकि मैं हमेशा आपके जैसा बनना चाहता था। शुक्रिया सचिन।