फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RCBvKXIP: डीविलियर्स ने जमाया धुआंधार अर्धशतक, आरसीबी ने खोला जीत का खाता

Fri, 13 Apr 2018 11:44 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
एबी डीविलियर्स - फोटो : ipl
विज्ञापन

एबी डीविलियर्स (57) के बेहतरीन अर्धशतक की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने शुक्रवार को किंग्स इलेवन पंजाब को 4 विकेट से हराकर आईपीएल 2018 में अपनी जीत का खाता खोला। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के आठवें मैच में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी की और पूरी टीम 19.1 ओवर में 155 रन पर ऑलआउट हुई। जवाब में आरसीबी ने 2 गेंदें शेष रहते 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। वॉशिंगटन सुंदर 9* और क्रिस वोक्स 1* रन बनाकर नाबाद रहे। सुंदर ने मोहित शर्मा की गेंद पर चौका जड़कर आरसीबी की जीत पर मुहर लगाई।

विज्ञापन


156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही। अक्षर पटेल ने पारी के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ब्रेंडन मैकुलम को मुजीब उर रहमान के हाथों कैच आउट करा दिया। मैकुलम खाता नहीं खोल सके। पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद कप्तान विराट कोहली (21) ने कॉक के साथ 32 रन जोड़े।

17 वर्षीय अफगानिस्तान के लेग स्पिनर मुजीब उर रहमान ने शानदार गूगली गेंद डालकर कोहली को क्लीन बोल्ड करके आरसीबी खेमे को हैरान कर दिया। वहीं पंजाब के कप्तान अश्विन एक के बाद एक लगातार दो विकेट लेकर पंजाब की मैच में वापसी करवाई। उन्होंने सरफराज और डी कॉक को आउट किया। सरफराज खान खाता नहीं खोल सके जबकि डी कॉक ने 45 रन बनाए। 
विज्ञापन


इसके बाद एबी डीविलियर्स ने अर्धशतक पूरा किया और आरसीबी को जीत के करीब ले गए। एंड्रू टाई ने डीविलियर्स को डीप कवर्स में नायर के हाथों की शोभा बनाकर मैच रोमांचक बना दिया। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 40 गेंदों में दो चौको और चार छक्को की मदद से 57 रन बनाए।

इसी ओवर में मंदीप सिंह (22) को स्थानापन्न मयंक डागर और राहुल ने संयुक्त रूप से रनआउट किया। पंजाब की तरफ से कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने दो विकेट लिए। एंड्रू टाई, अक्षर पटेल और मुजीब उर रहमान को एक-एक सफलता मिली।

विज्ञापन

आईपीएल 2018 में ऑलआउट होने वाली पहली टीम बनी पंजाब

उमेश यादव - फोटो : ipl
इससे पहले उमेश यादव (तीन विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने किंग्स इलेवन पंजाब को 19.2 ओवर में 155 रन पर ऑलआउट कर दिया। पंजाब की टीम मौजूदा आईपीएल में ऑलआउट होने वाली पहली टीम बनी।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब को मयंक अगरवाल (15) और केएल राहुल ने तेज शुरुआत जरूर दिलाई। मगर उमेश यादव ने चौथे ओवर में पंजाब को तीन जोरदार झटके देकर बैकफुट पर धकेल दिया। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर मयंक को विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के हाथों कैच आउट कराया। अगली गेंद पर आरोन फिंच को LBW आउट किया। फिर ओवर की आखिरी गेंद पर युवराज सिंह (4) को क्लीन बोल्ड करके खलबली मचा दी।

यहां से केएल राहुल (47) ने करुण नायर के साथ चौथे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की और पंजाब की स्थिति संभाली। दोनों ने टीम का स्कोर 94 रन तक पहुंचाया ही था कि वॉशिंगटन सुंदर ने राहुल का कैच शॉर्ट थर्डमैन में सरफराज खान के हाथों कराकर पंजाब को तगड़ा झटका दिया। स्कोर 100 के पार हुआ ही था कि कुलवंत खेजरोलिया ने करुण नायर (29) को क्लीन बोल्ड करके पंजाब की मुसीबतें बढ़ा दी। 

जल्द ही वॉशिंगटन सुंदर ने मार्कस स्टोइनिस (11) को स्टंपिंग कराकर अपना दूसरा शिकार किया। इसके बाद कुलवंत खेजरोलिया ने अक्षर पटेल (2) को LBW आउट करके पंजाब को सातवां झटका दिया। इसके बाद रविचंद्रन अश्विन (33) एक छोर पर डटे रहे, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। क्रिस वोक्स ने एंड्रू टाई (7) का कैच कोहली के हाथों कराकर पंजाब को आठवां झटका दिया। चहल ने अश्विन को स्टंपिंग कराकर पंजाब का 9वां विकेट गिराया। 

अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर वोक्स ने मुजीब उर रहमान को सरफराज खान के हाथों की शोभा बनाकर पंजाब की पारी का अंत किया। आरसीबी की तरफ से उमेश यादव ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट झटके। क्रिस वोक्स, कुलवंत खेजरोलिया और वॉशिंगटन सुंदर को दो-दो विकेट मिले। युजवेंद्र चहल को एक सफलता मिली।

इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने शुक्रवार को आईपीएल 2018 के आठवें मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। आरसीबी ने मैच के लिए अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है जबकि किंग्स इलेवन पंजाब से डेविड मिलर की जगह आरोन फिंच को शामिल किया है।


टीमें:

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: क्विंटन डी कॉक, ब्रेंडन मैकुलम, विराट कोहली (कप्तान), एबी डीविलियर्स, सरफराज खान, मंदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, क्रिस वोक्स, कुलवंत खेजरोलिया, उमेश यादव और युजवेंद्र चहल।

किंग्स इलेवन पंजाब:  केएल राहुल, मयंक अगरवाल, करुण नायर, युवराज सिंह, आरोन फिंच, मार्कस स्टोइनिस, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), एंड्रू टाई, मोहित शर्मा, मुजीब उर रहमान।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें