राहुल द्रविड़ के दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ जुड़ने का फायदा टीम को लगातार मिल रहा है। दिल्ली ने 7 में से 5 मैच जीत लिए हैं और पांचवीं जीत उन्हें उस टीम पर मिली जो इस बार टूर्नामेंट में सबसे आगे चल रही है।
दिल्ली की गुजरात लायंस के खिलाफ मिली इस जीत में 18 साल के एक युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत का योगदान रहा जिनका यह तीसरा आईपीएल मैच था। 4 महीने पहले तक ऋषभ की उम्र की तरह ही उनकी क्रिकेट जगत में पहचान कुछ खास नहीं थी। वह इसी साल फरवरी में सबकी नजर में आए जब अंडर-19 टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ ने उन्हें तराशा और अंडर-19 वर्ल्ड कप में ओपनिंग करने का मौका दिया।
उत्तराखंड के रुड़की शहर के इस प्रतिभाशाली क्रिकेटर ने द्रविड़ के दिए मौकों को पूरी तरह से भुनाया और लगातार रन बनाते हुए अपनी पहचान बना ली। बांग्लादेश में खेले गए टूर्नामेंट में नेपाल के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। फिर नामिबिया के खिलाफ शतक लगाकर टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि उनका यह शतक उसी दिन आया जब भारत में आईपीएल के लिए खिलाड़ियों की नीलामी लग रही थी। उन्होंने अपनी बोली लगने से पहले ही शानदार खेल दिखाया और शतक ठोंक दिया। इसका फायदा भी उन्हें खूब मिला क्योंकि नीलामी में उनका बेस प्राइस 10 लाख रुपये था और मांग बढ़ते-बढ़ते बिके पूरे 1 करोड़ 90 लाख रुपये में।
यह बेहतरीन बल्लेबाज पिछले साल अक्टूबर में दिल्ली की टीम से जुड़ गया और वहां भी उन्होंने कमाल कर दिखाया। अपनी दूसरे ही पारी में फिफ्टी लगा दी।