आईपीएल 2024 सीजन के बाद अमेरिका और वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप का आयोजन होना है। इस टूर्नामेंट के लिए विराट कोहली भारतीय टीम में शामिल होंगे या नहीं इसे लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। कोहली का आईपीएल के मौजूदा सीजन में जैसा प्रदर्शन चल रहा है उसे देखते हुए लग रहा है कि यह भारतीय स्टार जून में होने वाले इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए जगह बनाने में सफल रहेगा। हालांकि, आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) के लिए कोहली के साथ खेलने वाले ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल का कहना है कि वह उम्मीद करेंगे कि कोहली का टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में चयन ना हो।
'कोहली के नहीं होने से अन्य टीमों को फायदा होगा'
मैक्सवेल ने कहा, कोहली बेहद शानदार खिलाड़ी हैं जिनके खिलाफ मैं खेला हूं। आप उनके करियर को देखें, उनका टूर्नामेंट में रिकॉर्ड कितना शानदार है। 2016 टी20 विश्व कप के दौरान मोहाली में हमारे खिलाफ उन्होंने जो पारी खेली थी वो मेरे खिलाफ खेली सबसे शानदान पारी में से एक थी। इसने पूरे टूर्नामेंट का फेस बदल कर रख दिया था। कोहली ऐसे विकेट पर अलग एरिया में शॉट खेल रहे थे जो विसंगत थी। उनके पास अंतिम पल में हैंड पोजिशन बदलने की क्षमता है और वह टेबल टेनिस बैट की तरह फ्लिक करते हैं। यह ऐसी चीज है जिसका दुनिया में कोई तोड़ नहीं। उनकी जागरुकता भी शानदार है। कोहली के साथ ट्रेनिंग करना और उन्हें देखना बेहतरीन है, लेकिन मुझे भी उनके खिलाफ खेलना होता है, इसलिए मैं उम्मीद करूंगा कि भारत कोहली का चयन ना करे।
आईपीएल में जमकर चल रहा है कोहली का बल्ला
कोहली का बल्ला आईपीएल में जमकर चल रहा है और वह अबतक दो अर्धशतक और एक शतक लगा चुके हैं। वह आईपीएल के मौजूदा सीजन में छह मैचों में 319 रन बना चुके हैं। वह लीग में फिलहाल सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और ऑरेंज कैप की दौड़ में आगे चल रहे हैं। हालांकि उनके स्ट्राइक रेट पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
मैक्सवेल के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
ग्लेन मैक्सवेल ने पिछले साल भारत में हुए वनडे विश्व कप में तूफानी बल्लेबाजी की थी और ऑस्ट्रेलिया को विजेता बनाने में उनकी भूमिका अहम थी। हालांकि, आईपीएल के मौजूदा सीजन में मैक्सवेल का बल्ला अबतक खामोश है और वह रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिख रहे हैं। मैक्सवेल मुंबई इंडियंस के खिलाफ खाता खोले बिना आउट हुए थे। आईपीएल करियर में यह 17वीं बार था जब मैक्सवेल शून्य पर पवेलियन लौटे। इस दौरान उन्होंने एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक बार खाता खोले बिना आउट होने वाले खिलाड़ी हैं। इस मामले में मैक्सवेल रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक की बराबरी पर पहुंच गए हैं।