यह घटना ड्रेगन की पारी के पहले ओवर में हुई क्योंकि अश्विन नॉन स्ट्राइकर के छोर पर थे और गेंदबाज ने देखा कि वह गेंद फेंके जाने से पहले क्रीज छोड़ रहे थे। प्रसाद जैसे ही रन अप लेकर गेंद फेंकने आए, उन्होंने अश्विन को आगे बढ़ता देख खुद को रोक लिया और गेंद को विकेट की तरफ फेंकने का इशारा करते हुए अश्विन को देखने लगे। अश्विन को कुछ देर तक देखते हुए उन्होंने भारत के दिग्गज गेंदबाज को चेतावनी दी।
यह दिलचस्प इसलिए था क्योंकि मांकडिंग के नियम को चर्चा में लाने का श्रेय अश्विन को जाता है। उन्होंने इस रन आउट स्ट्रैटजी का इस्तेमाल आईपीएल में जोस बटलर को आउट करने के लिए किया था और इसके बाद मांकडिंग की घटनाएं हुईं। अश्विन ने न जाने कितने ही बल्लेबाजों को इस तरह की चेतावनी दी है और अब वह खुद इसका शिकार होने से बच गए। इसका वीडियो भी सामने आया है।
अश्विन फिलहाल तमिलनाडु प्रीमियर लीग का हिस्सा हैं और भारतीय टीम से दूर चल रहे हैं। अश्विन ने टी20 और वनडे से संन्यास नहीं लिया है, लेकिन उनके इस प्रारूप में वापसी की संभावना बेहद कम है। अश्विन टेस्ट में भारतीय टीम का नियमित हिस्सा हैं। टीम इंडिया फिलहाल श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज खेल रही है। गौतम गंभीर की देखरेख में भारत ने श्रीलंका पर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी बना ली है।
रविवार को खेले गए दूसरे टी20 में भारत ने बारिश से बाधित मैच में डकवर्थ लुईस नियम के तहत सात विकेट से हरा दिया। यशस्वी जायसवाल और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी की। शुभमन गिल इस मैच में नहीं खेल रहे थे और उनकी जगह संजू सैमसन (0) को मौका दिया गया था। हालांकि, संजू खाता नहीं खोल सके। जायसवाल (15 गेंदों पर 30) और सूर्यकुमार (12 गेंदों पर 26) ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत आठ ओवरों में मिले 78 रन के लक्ष्य को 6.3 ओवर में हासिल कर लिया। इससे पहले भारत ने श्रीलंका को 20 ओवर में नौ विकेट पर 161 रन ही बनाने दिया था।