टीम इंडिया के स्टार ऑफस्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने सोमवार को दूसरे टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंका के लहिरू गमागे को क्लीन बोल्ड करते ही वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। अश्विन टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 300 विकेट लेने वाले विश्व के पहले गेंदबाज बन गए हैं। टीम इंडिया के ऑफ स्पिनर ने अपने टेस्ट करियर के 54वें टेस्ट में यह रिकॉर्ड स्थापित किया। अश्विन ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कुल 130 रन देकर 8 विकेट लिए। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन की मदद से टीम इंडिया ने श्रीलंका को एक पारी और 239 रन के विशाल अंतर से मात दी।
300th Test wicket for @ashwinravi99 and #TeamIndia take a 1-0 lead in the 3-match Test series. India seal the 2nd Test in Nagpur by an innings and 239 runs #INDvSL pic.twitter.com/mq56alEczD
— BCCI (@BCCI) November 27, 2017
अश्विन से पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान तेज गेंदबाज डेनिस लिली के नाम था, जिन्होंने अपने करियर के 56वें टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी। मजेदार बात यह है कि आज के ही दिन 1981 में डेनिस लिली ने भी 300 विकेट का आंकड़ा छुआ था और अश्विन ने भी वर्ल्ड रिकॉर्ड 36 साल के बाद इसी दिन बनाया।
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश के खिलाफ इस साल की शुरुआत में एकमात्र टेस्ट में अश्विन ने लिली के सबसे तेज 250 टेस्ट विकेट लेने के रिकॉर्ड को भी तोड़ा था। हालांकि, सबसे तेज 200 टेस्ट विकेट लेने के मामले में अश्विन दूसरे स्थान पर रह गए थे। भारतीय ऑफस्पिनर ने अपने करियर के 37वें टेस्ट में 200 विकेट लेने का कमाल किया था, जबकि ऑस्ट्रेलिया के क्लेरी ग्रिमेट के नाम यह रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिन्होंने 36वें टेस्ट में 200 विकेट चटकाए थे। डेनिस लिली इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर थे। उन्होंने यह उपलब्धि 38वें टेस्ट में हासिल की थी।
बहरहाल, सबसे जल्दी 300 टेस्ट विकेट लेने के मामले में श्रीलंका के पूर्व महान ऑफस्पिनर मुथैया मुरलीधरन तीसरे स्थान पर काबिज हैं। मुरली ने अपने टेस्ट करियर के 58वें टेस्ट में 300 विकेट पूरे करने का कमाल किया था।
इस लिस्ट में चौथे स्थान पर तीन गेंदबाज संयुक्त रूप से काबिज हैं। न्यूजीलैंड के रिचर्ड हेडली, वेस्टइंडीज के मालकॉम मार्शल और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने अपने टेस्ट करियर के 61वें टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान लेग स्पिनर शेन वॉर्न और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज एलन डोनाल्ड ने 63वें टेस्ट में यह कमाल किया और ये दोनों संयुक्त रूप से इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर काबिज हैं।