भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य प्रशिक्षक रवि शास्त्री का मानना है कि आईपीएल-15 टीम इंडिया के भविष्य का कप्तान तलाशने का बड़ा अवसर है। शास्त्री ने कहा ऋषभ पंत से लेकर श्रेयस अय्यर तक यह टूर्नामेंट भविष्य के कप्तान को सामने ला सकता है।
रोहित शर्मा और रवि शास्त्री
- फोटो : सोशल मीडिया
रोहित के बाद कौन बनेगा कप्तान
आईपीएल में सात साल बाद कमेंट्री बॉक्स में प्रवेश करने जा रहे शास्त्री ने कहा कि रोहित शर्मा इस वक्त अपने काम को बेहतरीन तरीके से अंजाम दे रहे हैं। विराट कोहली अब कप्तान नहीं है, वहीं रोहित का सफेद गेंद के प्रारूप में कोई सानी नहीं है।
फिर भी यह देखा जा रहा है कि भारत का भविष्य का कप्तान कौन होगा। श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और केएल राहुल के रुप में विकल्प हैं और तीनों इस बार आईपीएल में कप्तानी कर रहे हैं। भविष्य के कप्तान को सामने लाने का आईपीएल बड़ा अवसर है।
वेंकटेश अय्यर
- फोटो : सोशल मीडिया
तेज गेंदबाज भी रहेंगे निगाहों में
शास्त्री कहते हैं कि पिछले आईपीएल में वेंकटेश अय्यर के बारे में किसी ने नहीं सुना था, लेकिन टूर्नामेंट खत्म होते ही वह भारतीय टीम में थे। इस लिए यहां असंभव भी संभव बनते देखा गया है। यही आईपीएल की सुंदरता है। उन्होंने कहा कि हार्दिक पंड्या पहली बार गुजरात की कप्तानी करने जा रहे हैं।
हार्दिक के अलावा ऐसे क्रिकेटर जो टीम इंडिया का दरवाजा खटखटा रहे हैं, उनके लिए भी आईपीएल बड़ा अवसर है। टी-20 विश्व कप इस साल ऑस्ट्रेलिया की तेज बाउंसी पिचों पर होगा। ऐसे में यह आईपीएल तेज गेंदबाजों के लिए भी अवसर होगा।