29 मार्च को वर्ल्ड कप के खत्म होने के साथ ही टीम इंडिया के मुख्य कोच डंकन फ्लेचर का बीसीसीआई के साथ करार खत्म हो गया। बीसीसीआई ने फ्लेचर के साथ यहीं तक के लिए टीम इंडिया के मुख्य कोच बनाए रखने का करार किया था।
इस दौरान फ्लेचर की कोचिंग में टीम इंडिया का विदेशी धरती पर प्रदर्शन और गिरता गया जिस कारण यह तय हो गया था कि बीसीसीआई जिम्बाब्वे के इस पूर्व क्रिकेटर को कोच के रूप में आगे नहीं रखेगी। इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अगले कोच के रूप में कवायद शुरू कर दी।
हाल ही में उसने सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण जैसे दिग्गज क्रिकेटरों को बोर्ड की सलाहकार समिति में शामिल किया जिसका काम नए कोच के लिए सुझाव देना भी था। लगभग 2 महीने के लंबे इंतजार के बाद बीसीसीआई ने टीम इंडिया के नए कोच का नाम लगभग तय कर लिया है और सिर्फ इसका ऐलान होना बाकी रह गया है।
इस बार भारतीय ही होगा टीम इंडिया का कोच
डंकन फ्लेचर की जगह टीम इंडिया का अगला मुख्य कोच पूर्व कप्तान और वर्तमान में टीम इंडिया के क्रिकेट डायरेक्टर रवि शास्त्री को बनाया जा सकता है।
अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स में छपी खबर के अनुसार, रवि शास्त्री ही टीम इंडिया के अगले मुख्य कोच होंगे। उनके नाम पर लगभग सहमति बन गई है और सिर्फ इसका ऐलान होना बाकी है।
उनके नाम का ऐलान जुलाई में टीम इंडिया के जिम्बाब्वे दौरे पर जाने से पहले हो सकता है। भारत का यह दौरा अगले महीने 7 से शुरू होगा।
53 साल के शास्त्री इस समय टीम इंडिया के साथ बांग्लादेश के दौरे पर हैं। पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में बेहद लचर प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई ने इस पूर्व टेस्ट क्रिकेटर को क्रिकेट डायरेक्टर बनाते हुए इंग्लैंड भेजा था। जिसका फायदा टीम इंडिया को मिला और उसके प्रदर्शन में सुधार आया। इसके बाद से वह लगातार टीम के साथ बने हुए हैं।
तो दुनिया के सबसे ज्यादा पैसे पाने वाले कोच होंगे शास्त्री
पूर्व कप्तान रवि शास्त्री अगर टीम इंडिया के मुख्य कोच बनते हैं तो वह दुनिया में सबसे ज्यादा भुगतान पाने वाले क्रिकेट कोच बन जाएंगे।
माना जा रहा है कि कोच बनने पर उन्हें 7 करोड़ रुपए सलाना मिलेंगे। उन्हें इस समय बीसीसीआई की ओर से टीवी कमेंट्रेटर के रूप में 4 करोड़ रुपए और टीम डायरेक्टर के रूप में 6 करोड़ मिल रहे हैं।
अगर मीडिया में चल रही खबरों पर विश्वास किया जाए तो शास्त्री को डंकन फ्लेचर से ज्यादा पैसे मिलेंगे बतैर कोच। फ्लेचर को बतौर कोच लगभग 4.2 करोड़ सलाना मिला करते थे।
शास्त्री ने अपने क्रिकेट करियर में 80 टेस्ट और 150 वनडे मैच खेले हैं। टीम के साथ उनका सामंजस्य बेहद शानदार है। टेस्ट कप्तान विराट कोहली पहले ही शास्त्री की जमकर तारीफ कर चुके हैं और अन्य खिलाड़ी भी उनका काफी सम्मान करते हैं।
हालांकि पहले शास्त्री ने खुद को कोच की रेस में होने की बात से इनकार किया था।
द्रविड़ बोले, जो चाहता था वही मिला
दूसरी ओर, टीम इंडिया के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने इस बात को खारिज किया है कि टीम इंडिया के कोच डंकन फ्लेचर के जाने के बाद वह कोचिंग का दायित्व संभालने में दिलचस्पी रखते थे।
द्रविड़ ने कहा, "मैं सिर्फ भारत ए टीम और अंडर-19 टीम का कोच ही बनना चाहता था। सीनियर टीम का कोच बनने के बारे में सोचा नहीं था।" उन्होंने कहा कि टीम डायरेक्टर रवि शास्त्री और सपोर्ट स्टाफ बांग्लादेश में अच्छा काम कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा, "भारत-ए और अंडर-19 टीम किसी खिलाड़ी के लिए महत्वपूर्ण दौर होता है और मैं बहुत खुश हूं कि मुझे यह दायित्व दिया गया है। दो-तीन सीरीज होंगी और बतौर खिलाड़ी जो मेरे अनुभव रहे हैं, वो मैं खिलाड़ियों के साथ साझा करूंगा।" द्रविड़ ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स के मेंटर होने का अनुभव भी नए दायित्व को निभाने में सहायक होगा। अनुभव के साथ आप बेहतर होते हैं।