पूर्व कप्तान रवि शास्त्री की टीम इंडिया के डायरेक्टर के रूप में नियुक्ति से टीम इंडिया की फिजा बिल्कुल ही बदल गई है। शास्त्री की नियुक्ति से पहले टीम इंडिया टेस्ट सीरीज में हार से बुरी तरह से चुकी थी। और खुद कप्तान धोनी ने स्वीकार किया था कि हार से हमारे खिलाड़ियों का मनोबल बुरी तरह से टूट चुका था।
ऐसे में बीसीसीआई ने सबको चौंकाते हुए पूर्व कप्तान और कमेंट्रेटर शात्री को टीम का डायरेक्टर नियुक्त कर दिया। इसके बाद तो भारत का प्रदर्शन ही बदल गया।
ब्रिस्टल में तो बारिश ने खेल ही नहीं होने दिया, लेकिन कार्डिफ में वनडे मैच में टीम इंडिया ने हर विभाग में उम्दा प्रदर्शन किया और इंग्लैंड को करारी हार के लिए मजबूर कर दिया। इस मैच के मैन ऑफ द मैच सुरेश रैना ने भी माना कि शास्त्री के प्रेरक शब्दों ने कमाल कर दिया और टीम में जान फूंक दी।
सुरेश रैना के बारे में बोले कप्तान धोनी
टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज सुरेश रैना की पोजीशन में कोई बदलाव नहीं होगा और वह नंबर पांच पर ही बल्लेबाजी करने उतरेंगे।
धोनी ने कहा, "हां, रैना नंबर पांच पर ही बल्लेबाजी करेंगे। जब तीन-चार ओवर शेष रह जाएंगे तब मैं खुद को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर जाऊंगा। इसके अलावा 100 में से 98 मैचों में यदि परिस्थितियां कार्डिफ जैसी ही हुई तो वह नंबर पांच पर और अजिंक्य रहाणे नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतरेंगे।"
भारतीय कप्तान ने आगे कहा, "यदि कोई मैच हमारे लिए काफी अहम हुआ और यदि कोई बल्लेबाज आउट ऑफ फॉर्म हैं, तब हम फॉर्म में चल रहे किसी बल्लेबाज को प्रमोट करने के बारे में सोचेंगे जिससे वह टीम के लिए ज्यादा गेंद खेल सके और ज्यादा रन बना सके। जहां तक तय बल्लेबाजी क्रम की बात है तो रैना नंबर पांच पर ही खेलेंगे। मुझे लगता है कि वह इस नंबर पर काफी अच्छे हैं।"
'शास्त्री की प्रेरणा ने कर दिया कमाल'
‘खडूस खेलना है’ इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले यह शब्द टीम इंडिया के नवनियुक्त डायरेक्टर रवि शास्त्री ने मध्यक्रम के बल्लेबाज सुरेश रैना से बस में कहे थे। शास्त्री के इन शब्दों ने रैना को इस कदर प्रेरित किया कि इंग्लैंड दौरे के अपने पहले ही मैच में उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी।
सिर्फ 75 गेंदों में ताबड़तोड़ 100 रन बनाकर ‘मैन ऑफ द मैच’ बने रैना ने खुलासा किया कि आखिर किस तरह से शास्त्री भारतीय टीम के लिए संजीवनी बने।
रैना ने कहा, "रवि शास्त्री ने हमारा काफी मनोबल बढ़ाया। वह टीम मीटिंग में आए और कुछ ऐसे शब्द कहे जो काफी प्रेरणादायी थे। यही नहीं जब हम मैच के लिए स्टेडियम आ रहे थे तब वह मेरे साथ ही बस में बैठे हुए थे। उन्होंने रास्ते में मुझसे कहा कि ‘खडूस खेलना है’। शास्त्री का टीम के लिए डायरेक्टर नियुक्त होना हमारे लिए काफी अच्छा रहा।"
शास्त्री के आने के बाद बदली टीम की 'फिजा'
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में करारी शिकस्त के बाद बीसीसीआई ने वनडे सीरीज के लिए पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री को टीम इंडिया का डायरेक्टर नियुक्त किया था।
शर्मनाक हार के बाद शायद ही किसी ने सोचा होगा कि बुरी तरह से टूट चुकी टीम इंडिया दूसरे वनडे मैच में शानदार प्रदर्शन करके जीत हासिल करेगी। पांच मैचों की सीरीज का पहला मैच बारिश से धुल गया था और जब टीम इंडिया कार्डिफ में उतरी तो उसकी बॉडी लैग्वेज बिल्कुल बदली हुई थी।
टीम में यह बदलाव शास्त्री लाए और टीम इंडिया के लिए संजीवनी बने। वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के कोच डंकन फ्लेचर को टीम का बॉस कहने से विवाद पैदा हो गया था, लेकिन रैना का कहना है कि ड्रेसिंग रूम में कोई मतभेद नहीं है और माहौल बेहद खुशनुमा है।
रैना ने कहा, "जब आप पूर्व भारतीय क्रिकेटर से बात करते हैं तो सभी लोग अलग-अलग रूप से सहज होते हैं। अन्य कोच भी काफी मददगार रहे हैं लेकिन रवि शास्त्री ने हमारे में अलग ही जोश और मनोबल का संचार किया।"