ट्रेनों की बढ़ती संख्या और बेटिकट यात्रियों की भरमार को रोकने के लिए रेलवे ने एक कदम और बढ़ाया है। रेलवे बोर्ड ने टिकट चेकिंग स्टॉफ के 2500 नए पद स्वीकृत किए हैं। इनमें से आधे पदों के विपरीत किसी पद में कटौती नहीं की जाएगी। जबकि, आधे पदों के बदले गैर संरक्षा श्रेणी के ऐसे पदों को सरेंडर किया जा सकता है जिनके काम अब रेलवे में नहीं हो रहे हैं।
उधर, कर्मचारी संगठन इससे संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मांग थी कि लगातार बढ़ती ट्रेनों की संख्या को देखते हुए 10 हजार अतिरिक्त रज दिए जाएं। इससे युवकों के सामने रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही बेटिकट यात्रियों पर रोक लगाकर रेलवे की आय भी बढ़ाई जा सकेगी।
रेलवे हर साल 50 से 70 के बीच नई ट्रेनों का ऐलान कर रहा है। इसके अनुसार स्टॉफ नहीं बढ़े। नतीजतन, एसी कोचों में एक कंडक्टर के जिम्मे पांच और स्लीपर में तीन कोच हैं। इसके कारण अक्सर कम दूरी की यात्रा के दौरान यात्री कोच से उतर भी जाते हैं और चेकिंग स्टॉफ टिकटों की जांच भी पूरी नहीं कर पाता।