टीम इंडिया के कोच का चयन अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। क्रिकेट समिति ने कम से कम 7 लोगों से लंबे इंटरव्यू लिए हैं, लेकिन संदीप पाटिल को बुलाया ही नहीं गया।
टीम इंडिया के नए कोच की तलाश के लिए बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति ने आवेदनकर्ताओं से लंबे इंटरव्यू लिए जिसमें उन्हें भारतीय क्रिकेट के लिए अपने व्यक्तिगत प्लान बताने थे। पूर्व कप्तान अनिल कुंबले इस इंटरव्यू के लिए व्यक्तिगत तौर से उपस्थित हुए। जबकि रवि शास्त्री जो इस समय विदेश में हैं ने स्काइपी से इंटरव्यू दिया। विदेशी आवेदकों में ऑस्ट्रेलिया के स्टुअर्ट लॉ और टॉम मूडी भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए इंटरव्यू के लिए उपस्थित हुए।
दिलचस्प यह है कि पूर्व कोच और मुख्य चयनकर्ता संदीप पाटिल को इंटरव्यू के लिए बुलाया ही नहीं गया। जबकि लालचंद राजपूत और प्रवीण आमरे जैसे पूर्व क्रिकेटरों को इंटरव्यू देने का मौका मिला।
संदीप पाटिल ने कहा, "मुझे इंटरव्यू के लिए बुलाया नहीं गया है।"
बीसीसीआई ने पिछले साल ही क्रिकेट सलाहकार समिति बनाई थी जिसमें सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण और सचिन तेंदुलकर को शामिल किया गया था। यही तीनों पूर्व क्रिकेटर नए कोच के लिए इंटरव्यू लेंगे। हालांकि तेंदुलकर इस समय देश से बाहर हैं और वह लंदन से वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए इंटरव्यू बोर्ड से जुड़े।
इंटरव्यू का काम पूरा हो गयाः गांगुली
Ravi shastri
क्रिकेट समिति के सदस्य सौरव गांगुली ने कहा, "हम और उम्मीदवारों के इंटरव्यू नहीं लेंगे। यह प्रक्रिया आज खत्म हुई। हमने लगभग 10 लोगों के इंटरव्यू लिए हैं और इनमें से कुछ ने अपना प्रजेंटेशन दिया है। हमें उम्मीद है कि आज हम लिस्ट फाइनल कर लेंगे और बीसीसीआई को रिपोर्ट सौंप देंगे।"
यह समिति 22 जून तक अपनी रिपोर्ट बीसीसीआई सचिव अजय शिर्के को सौंप सकती है। यह समिति आवेदकों की फिटनेस की भी जांच करेगी। ऐसी उम्मीद है कि बीसीसीआई धर्मशाला में वर्किंग समिति के साथ बैठक के बाद 24 जून को नए कोच का ऐलान करे। बोर्ड की योजना है कि अगले महीने वेस्टइंडीज दौरे के लिए रवाना होने से पहले टीम इंडिया को नया कोच मिल जाए। इस बीच जिम्बाब्वे दौरे पर गई टीम इंडिया के साथ कार्यवाहक कोच के रूप में संजय बांगड़ गए हुए हैं।
टीम इंडिया का अगला कोच बनने की रेस में कई पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और कप्तान शामिल हैं। बीसीसीआई की ओर से 10 जून तक कोच के लिए आवेदन करने की अंतिम समयसीमा निर्धारित की गई थी, जिसमें 57 लोगों ने आवेदन किया था। फिर क्रिकेट समिति ने नाम छांटते हुए 57 से 21 कर लिया। कोच के लिए आवेदन करने वालों में बड़े नाम थे रवि शास्त्री, अनिल कुंबले और संदीप पाटिल। इनके अलावा कुछ अन्य नाम रहे विक्रम राठौर, प्रवीण आमरे, बलविंदर संधू, वेंकटेश प्रसाद, रिषिकेश कानितकर और स्टुअर्ट लॉ।
Published by SURENDRA KUMAR VERMA