अफगानिस्तान के लेग स्पिन राशिद खान ने अपनी पीठ की सर्जरी कराई है। उन्होंने इंग्लैंड में सर्जरी कराने के बाद अपनी फोटो भी शेयर की है। इस तस्वीर में राशिद बेड पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपना हाथ उठाकर अंगूठा दिखाया है। इसका मतलब है कि उनका ऑपरेशन सफल रहा है। राशिद ने सर्जरी के सफल होने की जानकारी देते हुए सभी फैंस और शुभचिंतकों का धन्यवाद कहा है।
राशिद खान ने लिखा "सर्जरी सफल हुई, अब रिकवरी की राह पर हूं। दोबारा मैदान पर उतरने के लिए इंतजार नहीं कर सकता।" राशिद के साथी मुजीब उर रहमान ने भी उनकी फोटो शेयर करते हुए लिखा कि ऊपर वाला जल्द से जल्द आपको ठीक करे।
वनडे विश्व कप के बाद ही राशिद की सर्जरी की जानकारी सामने आई थी। उसी समय राशिद ने बताया था कि उन्हें छोटी सी सर्जरी करानी होगी। इस वजह से वह बिग बैश लीग में नहीं खेल पाएंगे। विश्व कप के दौरान भी राशिद की पीठ में समस्या थी। हालांकि, यह बड़ी समस्या नहीं थी। इसी वजह से राशिद इस चोट के साथ खेलते रहे और अच्छा प्रदर्शन करने में भी सफल रहे।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने राशिद की सर्जरी की जानकारी देते हुए बताया कि इंग्लैंड के जाने-माने सर्जन जेम्स अलीबोने ने राशिद की पीठ के निचले हिस्से की सर्जरी की है। वह जल्द रिकवर होंगे। हालांकि, बिग बैश के आगामी सीजन में वह नहीं खेलेंगे।
राशिद खान अगले साल भारत के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में वापसी कर सकते हैं। यह पहला मौका होगा, जब दोनों टीमें आपस में कोई टी20 सीरीज खेलेंगी। इससे पहले ये दोनों टीमें सिर्फ एसीसी या आईसीसी टूर्नामेंट में एक दूसरे खिलाफ वनडे या टी20 मैच खेले हैं। हालांकि, भारत और अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट मैच हुआ था। यह अफगानिस्तान का पहला टेस्ट मैच भी था। भारत ने यह मैच पारी के अंतर से जीता था। अफगान टीम अब तक भारत से कोई मैच नहीं जीती है।