फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ranji Trophy Final: रणजी ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला, 41 बार की चैंपियन मुंबई को हरा पहला खिताब जीतने उतरेगा मध्य प्रदेश

Tue, 21 Jun 2022 09:52 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल दो मैचों में 104 के औसत से 419 रन बना चुके हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में उत्तरप्रदेश के खिलाफ पहली पारी में 100 और दूसरी पारी में 181 रन बनाए थे। वह मैन ऑफ द मैच भी बने।
विज्ञापन
मुंबई बनाम मध्य प्रदेश रणजी ट्रॉफी फाइनल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रणजी ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला मुंबई और मध्य प्रदेश के बीच बुधवार से खेला जाएगा। एम चिन्नास्वमी स्टेडियम में 41 बार की चैंपियन मुंबई अपनी ट्रॉफियों की संख्या बढ़ाने उतरेगी तो मध्य प्रदेश पहला खिताब जीतना चाहता है। घरेलू क्रिकेट की शहंशाह मुंबई की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों मजबूत हैं। वहीं मध्य प्रदेश की टीम ने फाइनल तक के सफर में गुजरात, पंजाब और बंगाल जैसी मजबूत टीमों को हराया है। उसका जोश हाई है।
विज्ञापन

फॉर्म में चल रहे पृथ्वी के सितारे
कप्तान पृथ्वी शॉ के नेतृत्व में मुंबई की टीम को खिताब का दावेदार माना जा रहा है। इस सत्र में मात्र पांच मैचों 3 शतकों की मदद से 803 रन बनाकर शीर्ष पर चल रहे बल्लेबाज सरफराज खान अच्छे फॉर्म में हैं।

युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल दो मैचों में 104 के औसत से 419 रन बना चुके हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में उत्तरप्रदेश के खिलाफ पहली पारी में 100 और दूसरी पारी में 181 रन बनाए थे। वह मैन ऑफ द मैच भी बने। पूर्व दिग्गज क्रिकेटर वसीम जाफर के भतीजे अरमान जाफर लय में हैं। उन्होंने सेमीफाइनल की दूसरी पारी में 127 रन बनाए थे।

सुवेद पारकर और हार्दिक तमोरे बल्लेबाजी को मजबूती देते हैं। पांच मैचों में 37 विकेट ले चुके बाएं हाथ के लेग स्पिनर शम्स मुलानी गेंद से कहर बरपा रहे हैं। उन्हें ऑफ स्पिनर तनुश कोटियान (18 विकेट) से अच्छा साथ मिल रहा है।          

मध्य प्रदेश को खलेगी आवेश और वेंकटेश की कमी
मध्य प्रदेश ने इस सत्र में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। फाइनल में उसे अपने स्टार बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर और तेज गेंदबाज आवेश खान की कमी खल सकती है। हालांकि कप्तान आदित्य श्रीवास्तव की टीम की बल्लेबाज को विकेटकीपर हिमांशु मंत्री, अक्षत रघुवंशी और रजत पाटीदार मजबूती देते ते हैं।

वहीं, पांच मैचों में 27 विकेट लेकर तालिका में दूसरे नंबर पर चल रहे बाएं हाथ के स्पिनर कुमार कार्तिकेय और सारांश जैन गेंदबाजी की कमान संभालेंगे। सेमीफाइनल में कुमार कार्तिकेय बंगाल के खिलाफ दोनों पारियों में आठ विकेट लिए थे। तेज गेंदबाजी की कमान गौरव यादव (17 विकेट) और पुनीत दाते के हाथ में होगी।

कोच चंद्रकांत के पास अधूरा सपना पूरा करने का अवसर
मध्य प्रदेश ने दूसरी बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले मध्य प्रदेश ने 1998-99 में फाइनल में प्रवेश किया था। उस समय चंद्रकांत पंडित टीम के कप्तान थे। इस बार वह टीम के कोच हैं। 23 साल पहले चंद्रकांत पंडित जिस खिताब से कर्नाटक से हारकर चूक गए थे। उसे वे अब कोच के रूप में हासिल करना चाहते हैं।

वहीं, मुंबई के कोच अमोल मजूमदार उनके गुरु भाई हैं। चंद्रकांत और अमोल ने रमाकांत आचरेकर के नेतृत्व में क्रिकेट का ककहरा सीखा था। दोनों ही खिलाड़ी के रूप में मुंबई की ओर से खेल चुके हैं। अब दोनों विरोधी टीमों से कोच हैं।

मध्य प्रदेश का फाइनल तक का सफर
  • एलीट ग्रुप ए में गुजरात को 106 रन से हराया।
  • एलीट ग्रुप ए मेघालय को पारी और 301 रन से शिकस्त दी।
  • एलीट ग्रुप ए में केरल से ड्रॉ खेला।
  • क्वार्टर फाइनल में पंजाब को 10 विकेट से पराजित किया।
  • सेमीफाइनल में बंगाल पर 174 रन से जीत दर्ज की।
  • 14 अंक लेकर एलीट ग्रुप ए में मध्यप्रदेश की टीम शीर्ष पर रही।
विज्ञापन

मुंबई का फाइनल तक का सफर
  • एलीट ग्रुप डी में सौराष्ट्र से ड्रॉ खेला।
  • एलीट ग्रुप डी में गोवा को 119 रन से हराया
  • ओडिशा को पारी और 108 रन से हराया।
  • क्वार्टर फाइनल में उत्तराखंड को 725 रन से हराया। यह क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत है।
  • सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश को पारी की बढ़त के आधार पर हराया।
  • 16 अंक लेकर एलीट ग्रुप डी में मुंबई की टीम शीर्ष पर रही।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें