फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी ट्रॉफी: पांचवें राउंड के पहले दिन का खेल खत्म, इरफान पठान-आवेश खान चमके, ये रहा पूरा राउंड अप

Thu, 06 Dec 2018 08:51 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
रणजी ट्रॉफी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

रणजी ट्रॉफी 2018-19 में गुरुवार को पांचवां राउंड के पहले दिन का खेल खत्म हुआ। आइए नजर डालते हैं पहले दिन खेले गए सभी मुकाबलों पर:

विज्ञापन


एलीट ग्रुप ए:
बड़ौदा को पहली पारी में बढ़त

बाए हाथ के स्पिनर स्वप्निल सिंह के पांच विकेट के दम पर बड़ौदा ने छत्तीसगढ़ को गुरुवार को 129 रन पर आउट करके रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मैच के पहले दिन सात विकेट पर 165 रन बनाकर पहली पारी में बढ़त हासिल की। स्वप्निल ने 23 रन देकर पांच जबकि शोएब ताइ ने 36 रन देकर तीन विकेट लिए और छत्तीसगढ़ को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई। छत्तीसगढ़ की तरफ से कप्तान हरप्रीत सिंह ने 37 और सलामी बल्लेबाज अवनीश धालिवाल ने 35 रन बनाए। 

रेलवे बनाम गुजरात 
गुजरात ने पीयूष चावला के नाबाद शतक और कप्तान प्रियांक पंचाल के अर्धशतक की बदौलत रणजी ट्राफी ग्रुप ए एलीट मैच के शुरूआती दिन रेलवे के खिलाफ स्टंप तक आठ विकेट पर 340 रन का शानदार स्कोर खड़ा कर लिया। दिन का खेल समाप्त होने तक पीयूष 109 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे जबकि एआर नागवास्वाला दूसरे छोर पर 11 रन बनाकर खेल रहे थे। पीयूष ने 137 गेंद का सामना कर चुके हैं। उन्होंने 12 चौके और तीन छक्के जड़े थे। 
विज्ञापन


बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद गुजरात ने शुरूआत में जल्दी विकेट गंवा दिए। आठवें ओवर तक उसके 27 रन पर उसके तीन बल्लेबाज आउट हो चुके थे। सलामी बल्लेबाज प्रियांक एक छोर पर डटे रहे। उन्होंने 98 गेंद में सात चौके और एक छक्के से 69 रन की पारी खेली। उनके पवेलियन जाने के बाद पीयूष ने जिम्मेदारी संभाली और वह क्रीज पर मौजूद हैं। रूश कलारिया ने 46 रन का जबकि चिंतन गजा ने 38 और विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव रावल ने 31 रन का योगदान दिया। रेलवे के लिये अमित मिश्रा ने 78 रन देकर चार खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा जबकि अनुरीत सिंह और अविनाश यादव को दो दो विकेट मिले।

मुंबई बनाम महाराष्ट्र 
सलामी बल्लेबाज स्वप्निल गुगाले की अगुवाई में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से महाराष्ट्र ने मुंबई के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मैच में गुरूवार को अच्छी शुरुआत करते हुए पहले दिन तीन विकेट पर 298 रन बनाए। गुगाले ने 191 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से 101 रन बनाए। उन्होंने चिराग खुराना (71) के साथ पहले विकेट के लिये 146 और जय पांडे (नाबाद 68) के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 रन की दो उपयोगी साझेदारियां की। 

पांडे ने एक छोर संभाले रखा है। स्टंप उखड़ने के समय उनके साथ कप्तान राहुल त्रिपाठी 25 रन पर खेल रहे थे। ये दोनों चौथे विकेट के लिए अब तक 60 रन जोड़ चुके हैं। धवल कुलकर्णी की अनुपस्थिति में मुंबई के गेंदबाज प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। उसकी तरफ से शुभम रंजने ने दो और शिवम दुबे ने एक विकेट लिया है। 

सौराष्ट्र बनाम कर्नाटक
प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर चुके जयदेव शाह तीन रन से शतक से चूक गए लेकिन उनकी 97 रन की पारी की बदौलत सौराष्ट्र की टीम कर्नाटक के खिलाफ रणजी एलीट ट्राफी ग्रुप ए मैच में खराब शुरुआत से उबरते हुए गुरुवार को पहले दिन नौ विकेट पर 288 रन बनाए। सौराष्ट्र ने एक समय 119 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे लेकिन शाह ने नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 159 गेंद में 97 रन बनाकर पारी को संभाला। उन्होंने प्रेरक मांकड़ (37) के साथ छठे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की। 

मौजूदा मैच के बाद संन्यास की घोषणा कर चुके शाह काफी अच्छी फार्म में चल रहे हैं। उन्होंने लगातार तीसरी पारी में 50 से अधिक रन बनाए। शाह ने बड़ौदा के खिलाफ पिछले मैच में 165 रन बनाए थे। दिन का खेल खत्म होने पर कमलेश मकवाना 31 जबकि युवराज चूड़ासामा नौ रन बनाकर खेल रहे थे।कर्नाटक की ओर से बायें हाथ के स्पिनर जगदीश सुचित ने 104 रन देकर पांच जबकि आफ स्पिनर पवन देशपांडे ने 78 रन देकर तीन विकेट चटकाए।


 

एलीट ग्रुप बी

हैदराबाद बनाम मध्य प्रदेश
मध्यप्रदेश ने आवेश खान की कातिलाना गेंदबाजी के बाद अजय रोहेरा और रजत पाटिदार के नाबाद अर्धशतकों से रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मुकाबले के शुरूआती दिन गुरुवार को हैदराबाद के खिलाफ पहली पारी की बढ़त हासिल की। मध्यप्रदेश ने टास जीतकर हैदराबाद को बल्लेबाजी का न्यौता दिया जो आवेश की गेंदबाजी के आगे महज 124 रन पर सिमट गयी। आवेश ने 12.3 ओवर में छह मेडन सहित 24 रन देकर सात विकेट हासिल किए। 

अगर हिमालच अग्रवाल ने 69 रन (76 गेंद, आठ चौके और दो छक्के) की अर्धशतकीय पारी नहीं खेली होती तो यह स्कोर और कम हो सकता था। कप्तान पी रेड्डी ने 21 रन का योगदान दिया। टीम के तीन खिलाड़ी ही दोहरे अंक का स्कोर बना सके। स्टंप तक मध्यप्रदेश ने अजय की 81 रन और रजत की 51 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी से एक विकेट पर 168 रन बनाकर पहली पारी के आधार पर 44 रन की बढ़त बना ली थी। अजय ने 112 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के जमाए जबकि रजत ने 103 गेंद की पारी में सात चौके जड़े। 

दिल्ली बनाम आंध्रा
मध्यक्रम के बल्लेबाज रिकी भुई की 150 रन की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत आंध्र ने दिल्ली के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच के पहले दिन गुरूवार को सुबोध भाटी से मिले झटकों के बावजूद सात विकेट पर 266 रन बनाए। गौतम गंभीर का यह आखिरी प्रथम श्रेणी मैच है। उन्होंने पहले ही घोषणा कर दी थी कि इस मैच के बाद वह क्रिकेट के सभी प्रारूपों को अलविदा कह देंगे। सभी की निगाह बायें हाथ के इस बल्लेबाज पर टिकी थी लेकिन वह भुई थे जिन्होंने दर्शकों का ध्यान अपनी तरफ खींचा। 

दिल्ली ने टास जीतकर आंध्र को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया और फिरोजशाह कोटला में सुबह की अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाकर भाटी (35 रन देकर पांच विकेट) ने उसका शीर्ष क्रम थर्रा दिया। आंध्र ने चार विकेट 48 रन पर गंवा दिए जिसमें से तीन विकेट भाटी ने लिए थे। 

भुई ने पारी के तीसरे ओवर में दूसरा विकेट गिरने के बाद क्रीज पर कदम रखा और इसके बाद दिन के आखिरी तक एक छोर संभाले रखा। उन्होंने अब तक 225 गेंदों का सामना करके 19 चौके और एक छक्का लगाया है। इस बीच उन्हें पी गिरिनाथ रेड्डी (29), शिवचरण सिंह (27) और कर्ण शर्मा (31) का अच्छा साथ मिला। भाटी ने अपने करियर में पहली बार पारी में पांच विकेट लिये। उनके अलावा ललित यादव और विकास मिश्रा ने एक एक विकेट हासिल किया। 

बंगाल बनाम तमिलनाडु 
कप्तान बाबा इंद्रजीत (87) और पदार्पण कर रहे मसूद शाहरुख खान (नाबाद 82) के अर्धशतकों की बदौलत तमिलनाडु ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैच में गुरुवार को केरल के खिलाफ बेहद खराब शुरुआत से उबरते हुए छह विकेट पर 249 रन बनाए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे तमिलनाडु की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने एक समय 31 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे लेकिन इंद्रजीत और शाहरुख की पारियों की बदौलत टीम वापसी करने में सफल रही।

संदीप वारियर (42 रन पर तीन विकेट) ने मैच की दूसरी गेंद पर ही अनुभवी सलामी बल्लेबाज अभिनव मुकुंद (00) को पगबाधा किया। बंगाल के खिलाफ पिछले मैच में शतक जड़ने वाले बाबा अपराजित भी तीन रन बनाने के बाद संदीप की गेंद पर बोल्ड हो गए। बासिल थंपी (53 रन पर दो विकेट) ने इसके बाद सलामी बल्लेबाज कौशिक गांधी (19) और आस्ट्रेलिया दौरे पर राष्ट्रीय टी20 टीम का हिस्सा रहे दिनेश कार्तिक (04) को पवेलियन भेजा। इंद्रजीत ने इसके बाद एन जगदीशन (21) के साथ पांचवें विकेट के लिए 50 रन जोड़कर विकेटों के पतन को रोका।

जगदीशन के आउट होने के बाद कप्तान ने शाहरुख के साथ भी छठे विकेट के लिए 103 रन जोड़े। इंद्रजीत ने संदीप की गेंद पर बोल्ड होने से पहले शतक पूरा किया।दिन का खेल खत्म होने पर एम मोहम्मद 25 रन बनाकर शाहरुख का साथ निभा रहे थे। दोनों सातवें विकेट के लिए अब तक 65 रन जोड़ चुके हैं।

हिमाचल प्रदेश बनाम पंजाब 
निखिल गंगटा, अंकित कालसी और ऋषि धवन के अर्धशतकों की मदद से हिमाचल प्रदेश ने पंजाब के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच के पहले दिन गुरूवार को यहां शुरुआती झटकों से उबरकर पांच विकेट पर 244 रन बनाए। 

पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले हिमाचल का स्कोर एक समय दो विकेट पर 41 रन था लेकिन प्रवीण ठाकुर (44), गंगटा (58), कालसी (नाबाद 50) और धवन (61) की उपयोगी पारियों से वह पहले दिन के खेल की समाप्ति पर बेहतर स्थिति में पहुंचने में सफल रहा। पंजाब की तरफ से संदीप शर्मा और सनवीर सिंह ने दो-दो विकेट लिए हैं। 
 

एलीट ग्रुप सी

त्रिपुरा बनाम हरियाणा 
मध्यक्रम बल्लेबाज राहुल डागर के शतक और चैतन्य बिश्नोई के अर्धशतक की बदौलत हरियाणा ने गुरूवार को रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी में त्रिपुरा के खिलाफ शुरूआती दिन स्टंप तक सात विकेट गंवाकर 258 रन बना लिए।  राहुल ने 210 गेंद का सामना करते हुए अपनी 114 रन की पारी में 14 चौके जमाये। चैतन्य ने 196 गेंद में आठ चौके से 82 रन की पारी खेली। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिये 172 रन की साझेदारी निभाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। 

हरियाणा ने टास जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उसकी शुरूआत इतनी अच्छी नहीं रही, उसके चार बल्लेबाज 45 रन पर पवेलियन लौट गये थे जिसमें सलामी बल्लेबाज हिमांशु राणा ने 23 रन का योगदान दिया। इसके बाद चैतन्य और राहुल ने जिम्मेदारी भरी पारियां खेलीं। त्रिपुरा के गेंदबाज मणिशंकर मुरासिंह और अजय सरकार ने तीन तीन खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। हरमीत सिंह ने एक विकेट हासिल किया। 

झारखंड बनाम ओडिशा 
बसंत मोहंती (44 रन देकर पांच विकेट) और राजेश मोहंती (51 रन देकर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी ओडिशा गुरुवार को झारखंड को रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी मैच में 172 रन पर आउट करने में सफल रहा। ओडिशा की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और उसने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 25 रन बनाए हैं और वह 147 रन पीछे है। झारखंड को वापसी दिलाने में वरूण आरोन ने अहम भूमिका निभायी। उन्होंने अब तक 22 रन देकर दो विकेट लिये हैं। स्टंप उखड़ने के समय सलामी बल्लेबाज अनुराग सारंगी नौ और कप्तान बिप्लव सामंत्रे दस रन पर खेल रहे थे। 

इससे पहले झारखंड को पहले बल्लेबाजी का न्यौता रास नहीं आया। उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की लेकिन कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाया। इशान जग्गी ने टीम की तरफ से सर्वाधिक 34 रन बनाए। 

उत्तर प्रदेश बनाम जम्मू कश्मीर 
इरफान पठान और कप्तान परवेज रसूल की बड़ी अर्धशतकीय पारियों तथा अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे आकाश चौधरी के तीन विकेट की मदद से जम्मू कश्मीर ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी मैच के पहले दिन गुरुवार को यहां अपना पलड़ा भारी रखा। 

पूर्व भारतीय खिलाड़ी पठान ने दस चौकों और पांच छक्कों की मदद से 91 रन की तूफानी पारी खेली जबकि रसूल ने 87 रन बनाए। इनके अलावा इयानदेव सिंह ने 49 रन का योगदान दिया। 
पठान ने चौधरी (नाबाद 14) के साथ अंतिम विकेट के लिये 71 रन की साझेदारी की जिससे पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाला जम्मू कश्मीर अपनी पहली पारी में 290 रन बनाने में सफल रहा। 

इसके जवाब में उत्तर प्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले दिन का खेल समाप्त होने तक वह तीन विकेट पर 31 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था। उत्तर प्रदेश के तीनों विकेट तेज गेंदबाज चौधरी (17 रन देकर तीन) ने लिये। स्टंप उखड़ने के समय सलामी बल्लेबाज माधव कौशिक 11 और कप्तान अक्षदीप नाथ एक रन पर खेल रहे थे।

राजस्थान बनाम असम
अनिकेत चौधरी और नाथू सिंह की तूफानी गेंदबाजी से असम को 108 रन पर ढेर करने के बाद राजस्थान ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी मैच में पहले दिन गुरुवार को दो विकेट पर 153 रन बनाकर बढ़त हासिल की। राजस्थान ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और अनिकेत (38 रन पर पांच विकेट) तथा नाथू (33 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी से मेहमान टीम को 28 .1 ओवर में 108 रन पर ही ढेर कर दिया।

असम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 47 रन पर ही आठ विकेट गंवा दिए थे लेकिन नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अरूप दास (20 गेंद में नाबाद 36) और 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रंजीत माली (23 गेंद में 28 रन) के बीच नौवें विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की बदौलत टीम 100 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रही।

दास और माली के अलावा कुणाल सेकिया (22) ही दोहरे अंक में पहुंच सके। इसके जवाब में राजस्थान ने भी 27 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाजों अमितकुमार गौतम (12) और चेतन बिष्ट (10) के विकेट गंवा दिए। कप्तान महिपाल लोमरोर (नाबाद 77) और रोबिन बिष्ट (नाबाद 48) ने इसके बाद तीसरे विकेट के लिए 126 रन की अटूट साझेदारी करके राजस्थान को बढ़त दिलाई। राजस्थान को 45 रन की बढ़त हासिल है जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं।

सेना बनाम गोवा
पोरोविरम में सेना की टीम गोवा के खिलाफ पहली पारी में 184 रन बनाकर आउट हो गई, जवाब में गोवा ने अभी तक अपनी पहली पारी में 1 विकेट के नुकसान पर 27 रन बना लिए हैं।
विज्ञापन

प्लेट ग्रुप

बिहार ने अरुणाचल प्रदेश पर शिकंजा कसा
बाएं हाथ के स्पिनर आशुतोष अमन की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत बिहार ने रणजी ट्राफी प्लेट ग्रुप मैच में अरुणाचल प्रदेश को 84 रन पर समेटने के बाद 166 रन की बढ़त बनाकर मैच पर शिकंजा कस दिया।

आशुतोष (26 रन पर चार विकेट), विवेक कुमार (26 रन पर तीन विकेट) और रेहान खान (17 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने अरुणाचल की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 39 .5 ओवर में सिर्फ 84 रन पर ढेर हो गई। अरुणाचल प्रदेश की ओर से सिर्फ सलामी बल्लेबाज टेची डोरिया (33) और नीलम ओबी (21) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। बिहार ने इसके जवाब में सलामी बल्लेबाजी इंद्रजीत कुमार (नाबाद 127) के शतक की बदौलत दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 250 रन बनाकर अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली।

इंद्रजीत ने कुमार रजनीश (45) के साथ पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी करने के अलावा कप्तान बाबुल कुमार (नाबाद 72) के साथ अब तक दूसरे विकेट के लिए 140 रन की अटूट साझेदारी की है। बिहार को 166 रन की बढ़त हासिल है जबकि उसके नौ विकेट शेष हैं।

मेघालय बनाम उत्तराखंड
दिल्ली के दो पूर्व क्रिकेटरों पुनीत बिष्ट और योगेश नागर के बीच 194 रन की बड़ी शतकीय साझेदारी से मेघालय ने उत्तराखंड के खिलाफ रणजी ट्राफी प्लेट ग्रुप मैच में गुरुवार को पांच विकेट पर 294 रन बनाए। 

पुनीत ने 154 रन की आकर्षक पारी खेली जिसमें 19 चौके शामिल हैं। नागर ने 91 रन बनाये। इन दोनों ने तब जिम्मेदारी संभाली जबकि पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले मेघालय का स्कोर तीन विकेट पर 27 रन था। पुनीत ने अपनी पारी के दौरान प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 3000 रन भी पूरे किए। स्टंप उखड़ने के समय गुरिंदर सिंह 22 और अभय नेगी सात रन पर खेल रहे थे। उत्तराखंड की तरफ से सन्नी राणा और धनराज शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। 

सिक्किम बनाम पुड्डुचेरी
 सिक्किम के खिलाफ पुड्डुचेरी ने पहले दिन 4 विकेट पर 418 रन बनाए। पारस डोगरा ने 253 रनों की एक मैराथन पारी खेली।

मणिपुर बनाम नागालैंड
मणिपुर के खिलाफ नागालैंड की टीम पहली पारी में 126 रन पर सिमट गई। जवाब में मणिपुर ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 173 रन बना लिए हैं। इनपुट- भाषा
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें