पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट कप्तान और प्रसिद्ध कमेंटेटर रमीज राजा इस समय सुर्खियों में हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के नए अध्यक्ष बन सकते हैं। यह इसलिए क्योंकि मौजूदा अध्यक्ष एहसान मनी का कार्यकाल अगस्त में समाप्त हो रहा है। हालांकि, इस संबंध में जब राजा से संपर्क साधने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन और संदेश का कोई जवाब नहीं दिया।
अगस्त में समाप्त होगा मनी का कार्यकाल
मगर रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री और बोर्ड के संरक्षक इमरान खान ने एहसान मनी के कार्यकाल में विस्तार नहीं देने का फैसला किया है। वहीं, पीसीबी के एक सूत्र ने कहा, 'अगले कुछ दिनों में प्रधानमंत्री पीसीबी के संचालन बोर्ड को चेयरमैन के चुनाव के लिए दो नाम भेजेंगे और सदस्यों को इनमें से एक को चेयरमैन चुनना होगा।'
अभी तक कोई पुष्टि नहीं पर चर्चा में रमीज का नाम
सूत्र ने आगे कहा कि वे रमीज का नाम इन दो उम्मीदवारों में सुन रहे हैं लेकिन अभी तक कुछ पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि रमीज राजा ने पाकिस्तान के लिए 57 टेस्ट और 198 वन-डे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 31.8 की औसत से 2833 रन बनाए हैं जबकि वन-डे अंतरराष्ट्रीय में उनके नाम 5841 रन दर्ज हैं।
इमरान और रमीज दोनों थे 1992 विश्व कप टीम का हिस्सा
बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और मुल्क के मौजूदा प्रधानमंत्री इमरान खान के नेतृत्व में रमीज ने खेला है। पीएम को लगता है कि रमीज को बोर्ड की कमान सौंपनी चाहिए। बता दें कि इमरान और रमीज दोनों 1992 विश्व कप का हिस्सा थे।