मौजूदा रणजी चैंपियन विदर्भ ने ईरानी कप में चौथे दिन अपनी पहली पारी 7 विकेट पर 800 रन पर घोषित करने के बाद रेस्ट ऑफ इंडिया (शेष भारत) के छह विकेट 236 रन पर झटक लिए हैं।
शेष भारत अभी विदर्भ के स्कोर से 564 रन पीछे है जबकि उसके चार विकेट बाकी हैं। विदर्भ का अब ईरानी कप पर भी कब्जा सुनिश्चित हो गया है। शेष भारत की तरफ से युवा ओपनर
पृथ्वी शॉ ने 64 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। कप्तान करुण नायर मात्र 21 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ओपनर रवि कुमार समर्थ खाता भी नहीं खोल सके। मयंक अग्रवाल ने 11 रन बनाए।
शेष भारत ने अपने छह विकेट 28वें ओवर तक मात्र 98 रन पर गंवा दिए थे, लेकिन हनुमा विहारी और
जयंत यादव ने सातवें विकेट की अविजित साझेदारी में 138 रन जोड़कर टीम को ढेर होने से बचा लिया। हनुमा 171 गेंदों पर नाबाद 81 रन में अब तक 10 चौके लगा चुके हैं जबकि जयंत ने 147 गेंदों पर नाबाद 62 रन में नौ चौके लगाए हैं। तेज गेंदबाज रजनीश गुरबानी चार विकेट झटक चुके हैं।
इससे पहले विदर्भ ने तीसरे दिन के पांच विकेट पर 702 रन से आगे खेलना शुरू किया और अपनी पारी में 98 रन का इजाफा कर अपनी पारी सात विकेट पर 800 रन पर घोषित कर दी। अपूर्व वानखेड़े ने 99 रन से आगे खेलते हुए अपना शतक पूरा किया और नाबाद 157 रन बनाकर पवेलियन लौटे। गुरबानी ने नाबाद 22 रन बनाए।