रिशाद ने कहा कि जब संघर्ष की शुरुआत हुई थी तो न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी ऑलराउंडर डेरिल मिचेल ने उन्हें बताया कि वह कभी भी पाकिस्तान नहीं लौटेंगे, खासकर इन स्थितियों में, क्योंकि पीएसएल के दौरान सारे विदेशी खिलाड़ी डरे हुए थे।
बांग्लादेश के लेग स्पिनर रिशाद हुसैन ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के दौरान खिलाड़ियों के बीच डर के माहौल का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि पीएसएल स्थगित होने के बाद उन्हें और अन्य विदेशी खिलाड़ियों को दुबई पहुंचकर राहत मिली है। भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शुक्रवार को पीएसएल को अनिश्चिकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा की थी। हालांकि, अब संघर्ष विराम लागू हो चुका है। दोनों देशों के बीच तनाव के दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी आईपीएल को एक हफ्ते के लिए टाल दिया था।
विज्ञापन
'मिचेल ने कहा कभी पाकिस्तान नहीं लौटेंगे'
रिशाद ने कहा कि जब संघर्ष की शुरुआत हुई थी तो न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी ऑलराउंडर डेरिल मिचेल ने उन्हें बताया कि वह कभी भी पाकिस्तान नहीं लौटेंगे। उन्होंने कहा कि सारे विदेशी खिलाड़ी डरे हुए थे। रिशाद ने क्रिकबज से कहा, 'सैम बिलिंग्स, डेरिल मिचेल, कुशल परेरा, डेविड वीज, टॉम करन जैसे विदेशी खिलाड़ी लीग में खेल रहे थे। वे सभी बहुत डरे हुए थे... दुबई में उतरते हुए मिचेल ने मुझे बताया कि वह फिर कभी पाकिस्तान नहीं जाएंगे। खासकर इस तरह के परिदृश्य में। कुल मिलाकर वे सभी भयभीत थे।'
पीएसएल
- फोटो : PCB
'करन रोने लगे, संभालने में दो-तीन लोग लगे'
उन्होंने यह भी बताया कि इंग्लिश क्रिकेटर टॉम करन चिंता की वजह से रोने लगे और उन्हें सांत्वना देना कितना मुश्किल था। रिशाद ने कहा, 'वह (टॉम करन) संघर्ष शुरू होते ही एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। फिर उन्हें पता चला कि एयरपोर्ट बंद थे। फिर वह रोने लगे। उन्हें संभालने में दो या तीन लोग लग गए।' रिशाद लाहौर कलंदर्स टीम का हिस्सा थे और तेज गेंदबाज नाहिद राणा (पेशावर जाल्मी) पीएसएल 2025 में भाग लेने वाले दो बांग्लादेशी खिलाड़ी थे।
'उड़ान भरने के 20 मिनट बाद एयरपोर्ट पर विस्फोट'
पाकिस्तान लीग के सभी विदेशी खिलाड़ियों को दुबई रवाना कर दिया गया। दुबई से ही सभी खिलाड़ियों ने अपने-अपने देश के लिए उड़ान भरी। रिशाद ने कहा, 'शुक्र है कि एक मुश्किलों से निकलकर दुबई पहुंच गए हैं और मैं अब अच्छा महसूस कर रहा हूं। दुबई में उतरने के बाद जब हमने सुना कि उड़ान भरने के 20 मिनट बाद एक मिसाइल एयरपोर्ट पर गिरी तो हम डर गए। यह डरावना और दुखद था। अब दुबई पहुंचने के बाद हम राहत महसूस कर रहे हैं।'
कराची में बाकी मैच कराना चाहते थे पीसीबी अध्यक्ष
रिशाद के मुताबिक, पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी पहले कराची में पीएसएल के बाकी मैच आयोजित करना चाहते थे। हालांकि, बाद में कई विदेशी खिलाड़ियों द्वारा सुरक्षा चिंता जताने के बाद नकवी ने फैसला बदल लिया।