ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के छठवें संस्करण में मुंबई इंडियंस टीम की कमान संभालेंगे। मुंबई इंडियंस टीम के नए मेंटर अनिल कुंबले, कोच जॉन राइट और टीम के आइकन खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने पोंटिंग को कप्तानी सौंपने का फैसला किया। मुंबई ने हाल ही में हुई नीलामी में पोंटिंग को चार लाख डॉलर में खरीदा है।
कुंबले ने कहा, ‘पोंटिंग के पास मुंबई इंडियंस जैसी प्रतिस्पर्धी और हाई-प्रोफाइनल टीम का आईपीएल में नेतृत्व करने के लिए बहुत अनुभव है। सचिन मेरी इस सलाह से सहमत थे कि पोंटिंग मुंबई की कप्तानी के लिए सबसे उपयुक्त हैं और उन्होंने इसके लिए हामी भर दी। पोंटिंग को कप्तानी सौंपना सचिन और मेरा आइडिया है।’
पोंटिंग ने मुंबई की कमान मिलने के बाद खुशी जताते हुए कहा, ‘यह मेरे लिए बड़ा सम्मान है और मैं नीता अंबानी और मुंबई इंडियंस प्रबंधन का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने मुझपर भरोसा जताया।’