बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने मंगलवार को खुलासा किया कि इस महीने इंग्लैंड के अपने लंबे दौरे के दौरान भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के परिवारों को उनके साथ जाने की अनुमति होगी। बता दें, बीसीसीआई ने ब्रिटेन की सरकार से अनुरोध किया था कि खिलाड़ियों को अपने करीबियों को साथ लाने की स्वीकृति दी जाए क्योंकि कोविड-19 महामारी के कारण उन्हें जैविक रूप से सुरक्षित माहौल (बायो बबल) में काफी लंबा समय बिताना होगा। ऐसे में खिलाड़ियों की मानसिक स्थिति के लिए उनका अपने करीबियों के साथ रहना बेहतर होगा।
बीसीसीआई के अध्यक्ष नहीं होंगे मौजूद
हालांकि, कहा जा रहा है कि बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह सहित कोई भी पदाधिकारी ब्रिटेन में सख्त कोरोना नियमों के कारण 18 से 22 जून तक साउथहैंप्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के लिए मौजूद नहीं होंगे। सूत्र ने कहा कि यह अच्छी बात है कि ब्रिटेन के दौरे पर खिलाड़ियों के साथ उनका परिवार भी साथ होगा। महिला क्रिकेट टीम के लिए भी यह सुविधा उपलब्ध होगी। यह खिलाड़ियों की मानसिक भलाई के लिए भी जरूरी है। सूत्र ने आगे कहा कि बीसीसीआई समझता है कि हमें अपने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को अच्छी स्थिति में रखने की जरूरत है।
लंदन होते हुए साउथहैंप्टन के लिए रवाना होंगी दोनों टीमें
सूत्र ने बताया कि गांगुली और शाह की फिलहाल डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए जाने की योजना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘जहां तक मुझे पता है ईसीबी (इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड) ने उन्हें (गांगुली और शाह) को स्वीकृति नहीं दी है। सामान्यत: प्रशासक टेस्ट मैच से पहले पहुंचते हैं, लेकिन वे खिलाड़ी नहीं हैं इसलिए कोरोना नियमों के तहत उन्हें 10 दिन कड़े क्वारंटीन पीरियड से गुजरना होगा।’ सूत्र ने आगे कहा, ‘टीम से जुड़े नियम अध्यक्ष और सचिव पर लागू नहीं होते।’ मालूम हो कि भारतीय पुरुष और महिला टीमें लंदन होते हुए साउथहैंप्टन के लिए रवाना होंगी। महिला टीम को ब्रिस्टल में 16 से 19 जून तक एकमात्र टेस्ट खेलना है। इसके पहले महिला और पुरुष टीमें साउथहैंप्टन के होटल हिल्टन में कड़े क्वारंटीन पीरियड से गुजरेंगी।
तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेल सकती है भारतीय टीम
साउथहैंप्टन में क्वारंटीन पीरियड पूरा होने के बाद महिला टीम के ब्रिस्टल जाने का कार्यक्रम है। बता दें, देश की दोनों टीमों ने भारत में 14 दिन का क्वारंटीन पीरियड (होटल और घर में मिलाकर) पूरा किया है और इस दौरान छह बार कराए गए उनके आरटी-पीसीआर टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई जिसके बाद उन्हें बुधवार (2 जून) को चार्टर्ड विमान से लंदन जाने की स्वीकृति दी गई। ब्रिटेन में टीमों को तीन दिन के कड़े क्वारंटीन पीरियड (अपने कमरों में) के बाद जिम और नेट पर ट्रेनिंग की स्वीकृति होगी। वहीं, लय में आने के लिए 24 सदस्यीय भारतीय टीम अपने खिलाड़ियों को दो टीमों में बांटकर तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेल सकती है।