भारत और पाकिस्तान के बीच आगामी टी20 वर्ल्ड कप में 23 अक्तूबर को मुकाबला होना है। यह मैच में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। मुकाबले से पहले दोनों देशों के पूर्व खिलाड़ी और क्रिकेट एक्सपर्ट एक-दूसरे के खिलाफ लगातार बयान दे रहे हैं। इनमें पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी ज्यादा आगे हैं। इस सूची में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के रमीज राजा का नाम भी शामिल हैं। वह टीम इंडिया पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए लगातार बयान दे रहे हैं।
रमीज राजा ने एक इंटरव्यू में टी20 वर्ल्ड कप 2021 के बारे में एक बड़ा खुलासा किया है। पीसीबी चेयरमैन ने कहा कि रोहित शर्मा को आउट करने के लिए कप्तान बाबर आजम के साथ मिलकर उन्होंने योजना बनाई थी। रमीज राजा ने कहा, ''मैंने बाबर से पूछा था कि रोहित शर्मा और भारत के अन्य बल्लेबाजों के लिए क्या योजना है? इसके बाद मैंने कहा था कि शाहीन अफरीदी को लेकर 100 मील प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने को कहें। उन्हें शॉर्ट लेग पर एक खिलाड़ी रखकर इन-स्विंग फेंकने दें। इससे आप उन्हें (भारतीय बल्लेबाजों) को आउट कर लेंगे।''
ये भी पढ़ें: Hardik Birthday: विराट-राहुल समेत इन खिलाड़ियों ने हार्दिक को दी जन्मदिन की बधाई, नताशा ने शेयर किया वीडियो
रमीज राजा द्वारा बनाई गई यह योजना पाकिस्तान टीम के काम भी आई थी। शाहीन ने रोहित शर्मा को एक अंदर आती गेंद पर एलबीडब्ल्यू कर दिया था। वह खाता भी नहीं खोल पाए थे। उनकी शानदार गेंदबाजी के कारण टीम इंडिया 20 ओवर में सात विकेट पर सिर्फ 151 रन बना पाई थी। शाहीन ने चार ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट लिए थे। उन्होंने रोहित शर्मा के अलावा केएल राहुल (तीन रन) और विराट कोहली (57 रन) को भी आउट किया था।
ये भी पढ़ें: T20 WC: ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज माइकल बेवन ने मैथ्यू वेड के 'फिनिशर रोल' को लेकर दिया बड़ा बयान, जानें क्या कहा
पाकिस्तान की टीम ने 17.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 152 रन बनाकर मैच जीत गई थी। उसके लिए विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने 55 गेंद पर नाबाद 79 रन बनाए थे। वहीं, कप्तान बाबर आजम ने 52 गेंद पर 68 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने पहली बार किसी फॉर्मेट के वर्ल्ड कप में भारत को हराया था। टीम इंडिया के पास 23 अक्तूबर को उस हार का बदला लेने का मौका होगा।